हर जिले में बनेगा ‘सरदार वल्लभभाई पटेल एम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन’, ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन’ से मिलेगी स्थानीय व्यंजनों को पहचान: सीएम योगी

0


उत्तर प्रदेश विधानसभा में बजट 2026-27 पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में रोजगार, कौशल विकास और उद्योग को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि सरकार प्रत्येक जनपद में ‘सरदार वल्लभभाई पटेल एम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन’ की स्थापना करेगी, जिससे युवाओं को एक ही स्थान पर प्रशिक्षण, निवेश और रोजगार से जुड़ी सभी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

हर जिले में 50 से 100 करोड़ की लागत से समेकित रोजगार केंद्र

मुख्यमंत्री ने बताया कि 24 जनवरी को उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर यह निर्णय लिया गया कि हर जिले में सरदार वल्लभभाई पटेल के नाम पर एम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन विकसित किए जाएंगे। प्रत्येक जोन पर करीब 50 से 100 करोड़ रुपये तक का खर्च किया जाएगा। इसके लिए लगभग 100 एकड़ भूमि उपलब्ध कराई जाएगी, जो जनपद मुख्यालय से अधिक दूर नहीं होगी। इन जोनों का उद्देश्य युवाओं को उनकी क्षमता के अनुसार कौशल प्रशिक्षण देना और उसी के अनुरूप रोजगार या स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।

एक ही छत के नीचे निवेश, प्रशिक्षण और रोजगार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब तक सेवायोजन कार्यालय और उद्योग विभाग की गतिविधियां अलग-अलग स्थानों पर होने के कारण रोजगार सृजन की प्रक्रिया प्रभावी नहीं हो पाती थी। नई व्यवस्था के तहत इन सभी सेवाओं को एक ही परिसर में लाया जाएगा। ‘सरदार वल्लभभाई पटेल एम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन’ में कॉमन फैसिलिटी सेंटर, टेस्टिंग लैब, प्रोडक्ट डिस्प्ले और डिजाइन सेंटर, प्रशिक्षण संस्थान और निवेश सहायता केंद्र जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे प्रदेश में निवेश को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं को बेहतर रोजगार के अवसर मिल सकेंगे।

‘वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन’ से स्थानीय व्यंजनों को नई पहचान

मुख्यमंत्री ने बजट में ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन’ योजना की भी घोषणा की। ‘एक जनपद, एक व्यंजन’ की इस अवधारणा के तहत प्रदेश के पारंपरिक व्यंजनों की गुणवत्ता सुधार, पैकेजिंग, ब्रांडिंग, मार्केटिंग और प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मेरठ की रेवड़ी और गजक, हाथरस की हींग, हापुड़ के पापड़, प्रयागराज के अमरूद, बलिया का हलवा और जौनपुर की इमरती जैसे स्थानीय उत्पादों को नई पहचान दिलाई जाएगी। यह पहल ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ (ODOP) की तर्ज पर आगे बढ़ाई जाएगी।

महिला उद्यमिता को मिलेगा विशेष प्रोत्साहन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन’ योजना को महिला उद्यमिता से जोड़ा जाएगा। स्वयं सहायता समूहों और महिला उद्यमियों को प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता और बाजार उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कौशल विकास, निवेश प्रोत्साहन, स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग और महिला सशक्तिकरण के माध्यम से उत्तर प्रदेश को रोजगार और उद्यमिता का मजबूत मॉडल बनाया जा रहा है।

समेकित विकास की ओर यूपी

सीएम योगी ने कहा कि बजट 2026-27 प्रदेश के समेकित और संतुलित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। रोजगार सृजन, औद्योगिक विकास, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा और महिला सशक्तिकरण जैसी योजनाएं उत्तर प्रदेश को नई औद्योगिक और आर्थिक पहचान दिलाने में सहायक होंगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.