10th century Nandi idol found in Panna: तालाब में मिली 10वीं शताब्दी की अलंकृत नंदी की प्रतिमा, अध्ययन में जुटा पुरातत्व विभाग
हाइलाइट्स
- तालाब में अचानक प्रकट हुए नंदी
- 10वीं शताब्दी की प्रतिमा देख हैरान हुए लोग
- अध्ययन में जुटा पुरातत्व विभाग
10th century Nandi idol found in Panna: ऐतिहासिक विरासत के लिए प्रसिद्ध पन्ना जिले में एक महत्वपूर्ण पुरातात्विक खोज सामने आई है। शहर के मध्य स्थित धरम सागर तालाब की खुदाई के दौरान श्रमिकों को 10वीं शताब्दी की एक अलंकृत सफेद पत्थर की नंदी प्रतिमा मिली है। इस प्रतिमा की बनावट, नक्काशी और सामग्री ने विशेषज्ञों को भी हैरान कर दिया है। माना जा रहा है कि यह खोज पन्ना के प्राचीन ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व को और भी प्रामाणिकता प्रदान करती है।
सफेद पत्थर की है दुर्लभ प्रतिमा
यह नंदी प्रतिमा सफेद पत्थर से बनी हुई है, जो कि पन्ना क्षेत्र में ही पाया जाता है। इस पर बारीक और आकर्षक नक्काशी की गई है, जो तत्कालीन शिल्पकला की उत्कृष्टता को दर्शाती है। प्रारंभिक अध्ययन में बताया गया है कि यह मूर्ति करीब 1,000 साल पुरानी हो सकती है और इसे 10वीं शताब्दी का माना जा रहा है।
पुरातत्व विभाग ने संभाली जिम्मेदारी
खुदाई के दौरान मौके पर मौजूद पुरातत्व विभाग की टीम ने इस प्रतिमा को बड़ी सावधानी से बाहर निकाला और इसका प्रारंभिक निरीक्षण किया। अधिकारियों के अनुसार, प्रतिमा बेहद पुरानी है और समय के प्रभाव से इसमें कुछ क्षति भी हुई है। बावजूद इसके, इसकी कला और धार्मिक महत्ता आज भी स्पष्ट रूप से झलकती है।
इतिहास पर पड़ेगा गहरा प्रभाव
विशेषज्ञों का मानना है कि यह खोज पन्ना की धार्मिक परंपराओं, शैव संस्कृति और शिल्पकला के बारे में नई जानकारियाँ देने में सहायक होगी। विभाग अब इस प्रतिमा का विस्तृत अध्ययन करेगा, जिसमें इसकी आयु का वैज्ञानिक निर्धारण और समकालीन कलाकृतियों से तुलना की जाएगी।