Success Story : कॉल सेंटर में की 3 हज़ार रुपए की नौकरी ! अब खड़ी की करोड़ों की कंपनी, जानें कौन हैं चेतना झांब ?
Success Story of Chetna Jhamb : समस्तीपुर की बेटी चेतना झांब इन दिनों चर्चा में हैं, क्योंकि उनकी सफलता की कहानी बेहद दिलचस्प है। बेहद कम उम्र में अपने करियर की शुरुआत करने वाली यूथ आइकॉन चेतना झांब ने एक लंबा सफर तय किया है। उनकी सफलता की कहानी कई युवाओं को प्रेरित कर सकती है।
चेतना झांब एक साथ कई व्यवसाय संभाल रही हैं। एक फिल्म अभिनेत्री, फिल्म निर्माता, एक स्वास्थ्य सेवा कंपनी होने के अलावा, चेतना एक फिल्म और मीडिया कंपनी भी चला रही हैं। जिसके तहत वह एक भोजपुरी फिल्म अनमोल घड़ी बना रही हैं। जो जल्द ही बिहार के सिनेमाघरों में रिलीज़ होने वाली है, आइए जानते हैं चेतना झांब के बारे में:
चेतना झांब के करियर की शुरुआत: चेतना झांब बिहार के समस्तीपुर की रहने वाली हैं। उनका बचपन समस्तीपुर में बीता, चेतना ने पटना सेंट्रल स्कूल से पढ़ाई की है। इसके अलावा, उन्होंने समस्तीपुर महिला कॉलेज से स्नातक की उपाधि प्राप्त की। बिहार तक से बात करते हुए चेतना ने बताया कि उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 3 हज़ार की नौकरी से की थी। अपने करियर के बारे में बात करते हुए चेतना बताती हैं कि 12वीं के बाद उन्होंने 3 हज़ार की सैलरी पर एक कॉल सेंटर में काम किया। इसके बाद उन्होंने एयर होस्टेस के लिए आवेदन किया, जिसमें उनका चयन हो गया। चेतना ने दो साल तक एयरलाइंस में भी काम किया।
दुबई से की शुरुआत : चेतना झांब ने अपने बिजनेस की शुरुआत दुबई से की, इसके अलावा उन्होंने अमेरिका और सिंगापुर में भी अपनी कंपनी खोली। उन्होंने बताया कि ऐसा नहीं था कि सब कुछ हमेशा ठीक ही रहा। इस सफर में कई उतार-चढ़ाव भी आए। लेकिन उन्हें ईश्वर पर पूरा भरोसा था, जिसकी बदौलत उन्हें सफलता मिली। चेतना का यह सफर यहीं नहीं रुका, बचपन से ही कुछअलग और बड़ा करने का सपना देखने वाली चेतना का सफर आज भी जारी है। वह अपने रास्ते पर निरंतर आगे बढ़ रहीं हैं।
काम के साथ अध्यात्म का मार्ग: चेतना अपनी सफलता के पीछे अपने परिवार और अपने लोगों का हाथ मानती हैं। इसके अलावा, वह कहती हैं कि उन्हें जो सफलता मिली है, उसमें सबसे ज़्यादा ईश्वर का साथ है। उन्होंने कहा कि मैंने कभी इतना नहीं सोचा था, लेकिन ऊपर वाले ने मेरे लिए सब कुछ सोच रखा था। चेतना झांब कहती हैं कि वह आध्यात्म की राह पर चलने वाली हैं।
चेतना फिलहाल अमेरिका में स्कंद इंडस्ट्रीज, सिंगापुर में स्किबा और भारत में कामखी एंटरटेनमेंट एंड टेक्नोलॉजी चला रही हैं। स्कंद इंडस्ट्रीज एक ट्रेडिंग कंपनी है। आपको बता दें कि चेतना ने अपने पार्टनर के साथ मिलकर यह कंपनी खोली थी, जो कोविड के समय में एक गेम चेंजर बनकर उभरी।