वाराणसी : नवरात्र में विंध्याचल के लिए 50 स्पेशल बसें, हर घंटे सुविधा, मां के भक्तों को सहूलियत
वाराणसी। नवरात्र पर मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए उमड़ रही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए यूपी रोडवेज ने खास व्यवस्था की है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए निगम की ओर से विंध्यधाम के लिए 50 अतिरिक्त स्पेशल बसें चलाई गई हैं।
क्षेत्रीय प्रबंधक परशुराम पांडेय ने बताया कि सामान्य दिनों में काशी से विंध्याचल धाम के बीच 15 बसें संचालित होती हैं। लेकिन नवरात्र के दौरान यात्रियों की संख्या कई गुना बढ़ जाती है। ऐसे में निगम ने बसों की संख्या बढ़ाकर कुल 65 कर दी है।
अब हर घंटे श्रद्धालुओं को बस की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे उन्हें लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। इससे मां के दरबार तक पहुंचने में किसी तरह की दिक्कत नहीं होगी। साथ ही, यात्रियों की जानकारी और मार्गदर्शन के लिए हर बस स्टेशन पर विशेष काउंटर भी बनाए जा रहे हैं।
क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि पिछले दो दिनों में यात्रियों की संख्या में काफी तेजी से बढ़ोतरी हुई है। ऐसे में स्पेशल बसों की व्यवस्था से नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित यात्रा का अनुभव मिलेगा।