वाराणसी। देश भर के फेरी-पटरी और ठेला व्यवसायिक संगठनों के पदाधिकारी 13 सितंबर को वाराणसी में जुटेंगे। इस अवसर पर “विकसित भारत के निर्माण में फेरी पटरी ठेला व्यवसायियों की भूमिका” विषय पर विचार-विमर्श संगोष्ठी का आयोजन कमिश्नरी सभागार, कचहरी में किया जाएगा। यह आयोजन राष्ट्र के प्रथम स्वच्छता शहीद स्वर्गीय प्रमोद कुमार निगम की जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय फेरी पटरी ठेला व्यवसायी संगठन की ओर से सुनिश्चित किया गया है।
कार्यक्रम संयोजक, बनारस बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष अनूप कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि संगोष्ठी दो सत्रों में होगी। पहला सत्र प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक तथा दूसरा सत्र दोपहर 3 बजे से शाम 5:30 बजे तक चलेगा। इसमें देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले प्रतिनिधि स्ट्रीट वेंडर्स के समक्ष प्रतिदिन उत्पन्न हो रही चुनौतियों और उनके समाधान पर मंथन करेंगे।
इस कार्यक्रम के स्वागताध्यक्ष वरिष्ठ समाजसेवी अजय सिंह (बॉबी) होंगे। पत्रकार वार्ता में आयोजन की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि यह संगोष्ठी न केवल फेरी-पटरी व्यवसायियों की समस्याओं पर प्रकाश डालेगी बल्कि सरकार और समाज में उनकी भूमिका को भी रेखांकित करेगी।
पत्रकार वार्ता में मनोज कुमार, राजेंद्र प्रसाद सिंह, हरिशंकर सिन्हा, इं. अनिल किंगवाडेकर, सीए सतीश जैन, मनोज कुमार, डॉ. राहुल सिन्हा, अनिल कुमार, डॉ. गौरव प्रकाश, वाचस्पति मिश्रा, अभिषेक निगम, धर्मकृति शर्मा, अवनीश श्रीवास्तव, रामवृक्ष प्रजापति और अनमोल निगम सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।