Bhopal News: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार,18 मई को “भोज नर्मदा द्वार” का भूमिपूजन किया। साथ ही नीमच में स्थापित 10 मेगावॉट सौर ऊर्जा संयंत्र का वर्चुअली लोकार्पण किया। कार्यक्रम नर्मदापुरम रोड स्थित समरधा में आयोजित किया गया।
नगर निगम द्वारा सौर ऊर्जा परियोजना के प्रथम चरण में नीमच में स्थापित 10 मेगावाट क्षमता के सौर ऊर्जा संयंत्र का भी मुख्यमंत्री ने लोकार्पण किया। इससे भोपाल को बिजली मिलेगी। अभी 7 रुपए यूनिट बिजली नगर निगम को मिल रही है, सौर ऊर्जा संयंत्र से मिलने वाली बिजली की दर तीन रुपए यूनिट होगी।
सीएम यादव ने कहा, प्रदेश की पहचान हमारे वीर शासकों से रही है। मध्यप्रदेश का गौरव रहे सम्राट विक्रमादित्य को आज भी न्यायप्रियता, पराक्रम और लोक कल्याण के लिए जाना जाता है। वहीं राजा भोज को महान शिक्षक और योद्धा के रूप में याद किया जाता है। ऐसे में हमारी सरकार ने तय किया है कि हमारे गौरवशाली अतीत को दुनिया के सामने लाने की आवश्यकता है। इसलिए राजधानी भोपाल के प्रमुख मार्गों पर राजा भोज, विक्रमादित्य जैसे महापुरुषों के नाम से द्वार बनाए जाएंगे। जिससे भोपाल और मध्यप्रदेश का गौरवशाली इतिहास हमें पुन: उसी दौर में ले जाए, जिससे मध्यप्रदेश और देश गौरवान्वित हुआ। इससे राजधानी भोपाल को नया स्वरूप भी मिलेगा।
मोहन जी की क्लास में सीख सकते हैं इतिहास की जानकारी’
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव की बहुत जानकारी है, इसमें उनका कोई जोड़ नहीं है। कौन से राजा ने कहां-कहां अपना विस्तार किया, उस राजा की विशेषता क्या थी। इस बारे में अगर कुछ सीखना हो तो मोहनजी की क्लास में सीख सकते हैं।
उन्होंने कहा, मोहन जी को भगवान कृष्ण के बारे में जितनी जानकारी है, उतनी जानकारी अच्छे-अच्छे भागवत कहने वालों को भी नहीं होगी। उन्होंने कहा, नगर पालिकाओं को कैसे आत्मनिर्भर बनाएं, इस में काम कर रहे हैं। सभी नागरिकों को प्राथमिक सुविधाएं नगर निगम, पालिकाओं में मिल जाएं। ये हम तय करेंगे। मंत्री कैलाश ने कहा, भोपाल की तरह इंदौर में भी सभी प्रवेश द्वारों पर गेट बनें, इस बारे में शाम को कैबिनेट बैठक की तैयारियों की मीटिंग में अफसरों के निर्देश देंगे।
भोपाल में नगर निगम बना रहा दो प्रवेश द्वार
जानकारी के अनुसार, नगर निगम भोपाल राजधानी के दो मुख्य स्थानों पर द्वार बनवा रहा है। इसका प्रस्ताव निगम परिषद की बैठक में पास हो चुका है। पहला गेट होशंगाबाद रोड और दूसरा इंदौर-भोपाल रोड पर प्रस्तावित है। होशंगाबाद रोड द्वार का आज भूमिपूजन हुआ, जबकि दूसरे द्वार के लिए जल्द ही प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इंदौर-भोपाल रोड पर विक्रमादित्य द्वार बनाया जाएगा। इस मौके पर हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि उनकी विधानसभा में 7 गेट बनेंगे। इसके बाद सीएम मोहन यादव ने कहा कि 9 गेट बनाने चाहिए।
ये रहे मौजूद
खेल मंत्री कैलास विजयवर्गीय, खेल मंत्री विश्वास सारंग और कृष्णा गौर, भोपाल सांसद आलोक शर्मा, भोपाल महापौर मालती राय, विधायक रामेश्वर शर्मा और भगवानदास सबनानी, बीजेपी जिला अध्यक्ष रविंद्र यति, बीजेपी जिला ग्रामीण अध्यक्ष तीरथ सिंह मीणा, भोपाल नगर निगम के सभापति किशन सूर्यवंशी, राहुल कोठारी आदि मौजूद रहे।
खबर अपडेट हो रही है…