वाराणसी : फुलवरिया में 22 सितम्बर से शुरू होगी श्रीरामलीला, 4 अक्टूबर तक चलेगा आयोजन
वाराणसी। श्रीरामलीला समिति फुलवरिया (वार्ड नं. 3) की परंपरागत श्रीरामलीला इस वर्ष 22 सितम्बर 2025 से प्रारम्भ होकर 4 अक्टूबर 2025 तक आयोजित की जाएगी। इस आयोजन की घोषणा रविवार को हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में की गई।समिति के अनुसार, सन 1992 से लगातार आयोजित हो रही यह रामलीला वाराणसी की प्रमुख रामलीलाओं में से एक है। गंगा-जमुनी तहज़ीब की मिसाल पेश करने वाली इस रामलीला में स्थानीय कलाकारों द्वारा विभिन्न चरित्रों का जीवंत मंचन किया जाएगा।

समिति के संस्थापक डॉ. एस. के. गुप्ता और अध्यक्ष हेमंत कुमार सिंह सहित उपाध्यक्ष सचाऊ यादव, महामंत्री विजय प्रसाद गौड़ व अन्य पदाधिकारियों के निर्देशन में कार्यक्रम का आयोजन होगा। समिति समय-समय पर किशोर व युवाओं की प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ-साथ सम्मान समारोह के माध्यम से उन्हें प्रोत्साहित भी करती रही है।

रामलीला प्रभारी राजेन्द्र पटेल, मेला प्रभारी पिंटू यादव, व्यवस्थापक राजकुमार भारद्वाज, सत्येन्द्र सिंह, संदीप मौर्य, नीरज वर्मा व मनोज पाल सहित अन्य कार्यकर्ता आयोजन को सफल बनाने में जुटे हैं। वहीं गुलाब मौर्य और शशिकान्त सिंह का भी विशेष सहयोग रहेगा।

समिति की विशेषता यह है कि इसमें सभी पात्र, कलाकार व व्यास मंडल स्थानीय लोग ही होते हैं। समिति के संस्थापक सदस्य स्व. नजमुद्दीन जीवनभर निर्विवाद रूप से अध्यक्ष रहे और आज भी उनका परिवार व समिति सदस्य आशिक अली सक्रिय योगदान दे रहे हैं। परंपरा के अनुसार, राम बारात इमिलिया घाट से भव्य शोभायात्रा के रूप में निकलेगी, जबकि भरत मिलाप की झांकी मानस नगर निवासी सदानंद कुशवाहा के घर से प्रस्थान करेगी। समिति ने नगरवासियों और प्रशासन से हर वर्ष मिलने वाले सहयोग के लिए आभार जताया है और अधिक से अधिक लोगों से आयोजन में शामिल होने की अपील की है।
देखें वीडियो