सेवा पर्व में मंत्री अनिल राजभर ने किया रक्तदान, बोले- “रक्तदान जीवन बचाने के साथ मानसिक संतुष्टि भी देता है”

0


वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 75वें जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक मनाए जा रहे “सेवा पर्व” के तहत गुरुवार को बड़ालालपुर स्थित पेडिक्योर अस्पताल में बृहद रक्तदान शिविर का आयोजन हुआ। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के श्रम एवं सेवायोजन समन्वय मंत्री अनिल राजभर ने स्वयं रक्तदान किया और लोगों को रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं देखरेख मंत्री अनिल राजभर ने की, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। इस दौरान करीब 100 यूनिट रक्तदान किया गया। शिविर में युवाओं और सामाजिक संगठनों की भी सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।

रक्तदान करने के बाद मंत्री अनिल राजभर ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। उन्होंने कहा कि—
“रक्तदान जीवन बचाने का सबसे अनमोल तरीका है। एक यूनिट रक्त कई लोगों की जान बचा सकता है, खासकर उन मरीजों की जो सर्जरी, दुर्घटनाओं, कैंसर, रक्त विकारों और अन्य गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं। रक्तदान न केवल जरूरतमंद मरीजों के लिए सहायक है, बल्कि दाताओं के लिए भी लाभकारी है। यह शरीर में आयरन का स्तर नियंत्रित करता है, नई रक्त कोशिकाओं के उत्पादन को बढ़ावा देता है और हृदय रोगों के जोखिम को कम करता है। इसके अलावा यह दाताओं को भावनात्मक संतुष्टि और बेहतर मानसिक स्वास्थ्य भी प्रदान करता है।”

उन्होंने लोगों से अपील की कि रक्तदान को सेवा पर्व तक ही सीमित न रखें बल्कि इसे जीवन का नियमित हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए रक्तदान जैसा छोटा कदम भी बहुत बड़ा योगदान हो सकता है।

इस अवसर पर स्थानीय लोगों, युवाओं और अस्पताल स्टाफ ने मंत्री अनिल राजभर के साथ मिलकर रक्तदान किया और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस को सेवा और समर्पण के रूप में मनाया।








Leave A Reply

Your email address will not be published.