VDA सचिव ने ट्रांसपोर्ट नगर योजना का किया निरीक्षण, दिए कई दिशा-निर्देश

0


वाराणसी। विकास प्राधिकरण (वीडीए) के अपर सचिव डॉ. गुडाकेश शर्मा ने बुधवार को ट्रांसपोर्ट नगर योजना का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने योजना के विभिन्न हिस्सों की प्रगति का अवलोकन करते हुए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए। 

निरीक्षण के दौरान डॉ. शर्मा ने सर्वप्रथम ग्राम-करनाडाडी और ग्राम-सरायमोहन के भू-भाग का अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि एन.एच.-2 एवं रेलवे लाइन के मध्य स्थित ट्रांसपोर्ट नगर योजना में आरओबी प्रारंभ होने से पूर्व सर्विस लेन से योजना में प्रवेश के लिए किन-किन आराजियों की आवश्यकता होगी, इसकी पूरी जांच प्राथमिकता से की जाए। साथ ही, रेलवे लाइन के किनारे योजना में संपर्कित होने वाले आराजियों को चिन्हित कर उन्हें प्राप्त करने की प्रक्रिया तत्काल पूर्ण की जाए, ताकि योजना का सर्कुलेशन प्लान सुचारू रूप से विकसित हो सके।

123

अपर सचिव ने आर्किटेक्ट श्री गोविंद श्रीवास्तव को निर्देश दिए कि वह स्थल को आराजीवार सुपरइंपोज करते हुए एक व्यवस्थित सर्कुलेशन प्लान तैयार कर प्रस्तुत करें। इसी क्रम में ग्राम-बैरवन स्थित पंचायत भवन को लहरतारा-मोहनसराय 6-लेन मार्ग से जोड़ने हेतु चिन्हित स्थल का निरीक्षण किया गया और प्राथमिकता पर अप्रोच मार्ग के लिए भूमि को अलग करने के निर्देश दिये गए, ताकि पंचायत भवन तक सुगम मार्ग सुनिश्चित किया जा सके।

डॉ. शर्मा ने ग्राम-बैरवन में आवंटित ग्रुप हाउसिंग ई-5 एवं ई-7 की प्री-कास्ट बाउंड्री निर्माण की प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए अवर अभियंता संजय तिवारी को इसे प्राथमिकता पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त लहरतारा-मोहनसराय 6-लेन मार्ग पर प्राधिकरण की भूमि एवं भवन चिन्हांकन की कार्यवाही भी तत्काल पूरी करने को कहा गया।

अपर सचिव ने रेलवे अंडरपास और आरओबी के साथ सर्विस लेन बनाने संबंधी परीक्षण आख्या प्रस्तुत करने हेतु आर्किटेक्ट को निर्देशित किया। एन.एच. विभाग से संबंधित जानकारी प्राप्त करने के लिए प्रभारी अधिकारी को भी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। इस निरीक्षण के माध्यम से वाराणसी विकास प्राधिकरण ने ट्रांसपोर्ट नगर योजना के सुचारू विकास और सही दिशा में कार्यान्वयन के लिए ठोस कदम उठाए हैं।

अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सभी निर्माण और मार्गनिर्माण कार्य प्राथमिकता पर पूर्ण किए जाएं, ताकि योजना निर्धारित समय और गुणवत्ता के अनुसार पूरी हो सके। निरीक्षण में तहसीलदार प्रभाकर पांडेय, योजना सलाहकार संत्तार अली अंसारी, राजस्व निरीक्षक और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।








Leave A Reply

Your email address will not be published.