वाराणसी : जिला सलाहकार एवं समन्वय समिति की बैठक, सीडी रेशियो बढ़ाने पर जोर


वाराणसी। मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला सलाहकार एवं समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक का संचालन अग्रणी जिला प्रबंधक अविनाश अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया से विशाल यादव, नाबार्ड की डीडीएम सोनिका राणा, विभिन्न सरकारी विभागाध्यक्ष और बैंकों के जिला समन्वयक उपस्थित रहे।

मीटिंग में जून तिमाही 2025-26 की वित्तीय प्रगति की समीक्षा की गई। जानकारी के अनुसार जनपद का ऋण-जमा अनुपात (CD Ratio) 57.50% दर्ज किया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने इसे बढ़ाने के लिए ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए।

वार्षिक ऋण योजना 2025-26 के तहत जून तक संतोषजनक उपलब्धि दर्ज की गई है। योजनावार प्रगति में मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना ने 140% और एक जनपद एक उत्पाद (ODOP) योजना ने 193% लक्ष्य हासिल किया। वहीं, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) में 92% उपलब्धि प्राप्त हुई है।

सीडीओ ने जिला उद्योग केंद्र को निर्देश दिया कि जिन आवेदनों को अस्वीकृत किया गया है, उनका पुनरीक्षण कर उचित कार्यवाही की जाए। साथ ही लंबित समूह आवेदनों का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित करने पर बल दिया।

महत्वाकांक्षी योजना मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के लंबित मामलों को बैंकों द्वारा शीघ्र निस्तारित करने की सख्त हिदायत दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों को समय पर ऋण उपलब्ध कराना बैंकों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

बैठक के अंत में अग्रणी जिला प्रबंधक अविनाश अग्रवाल ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि विभागीय समन्वय और बैंकों की सक्रिय भूमिका से जनपद वाराणसी वित्तीय समावेशन और उद्यमिता के क्षेत्र में और बेहतर उपलब्धियां दर्ज करेगा।








Leave a Comment