वाराणसी : अस्सी घाट से शुरू हुआ 156 घंटे का महासफाई अभियान, महापौर ने किया शुभारंभ


वाराणसी। नगर निगम ने नवरात्रि और स्वच्छता अभियान को जोड़ते हुए शहरव्यापी सफाई का विशेष अभियान शुरू किया है। महापौर अशोक कुमार तिवारी ने अस्सी घाट पर पहुंचकर 156 घंटे महा सफाई अभियान का शुभारंभ किया। महापौर ने घाट पर सिल्ट सफाई का निरीक्षण किया और पंप मशीन की मदद से गाद हटाने के साथ स्वयं झाड़ू लगाकर सफाई कार्य की शुरुआत की। इस दौरान घाट पर अतिरिक्त 12 टन कूड़े का निस्तारण किया गया।

123

अभियान का संचालन 15 सितंबर से महात्मा गांधी जयंती (2 अक्टूबर) तक लगातार किया जाएगा। नगर निगम के सभी 100 वार्डों में एक साथ यह अभियान चल रहा है। इसमें सड़कों, गलियों, पार्कों और सार्वजनिक स्थलों की गहन सफाई कर कूड़े का उठान सुनिश्चित किया जा रहा है। नवरात्रि के चौथे दिन दुर्गा मंदिर परिसर में नगर निगम की आईईसी टीम ने स्वच्छता जनजागरुकता अभियान भी चलाया। यहां श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करने, सड़कों पर कूड़ा न फेंकने और घरों में गीले-सूखे कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन रखने की सलाह दी गई। टीम ने लोगों को स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।

123

महापौर ने कहा कि इस महासफाई अभियान का उद्देश्य केवल शहर की सफाई नहीं, बल्कि लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना भी है। उन्होंने वाराणसीवासियों से अपील की कि वे अभियान को सफल बनाने में अपना सहयोग दें और स्वच्छ वाराणसी के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।

123

अभियान के दौरान नगर निगम की वरिष्ठ टीम भी सक्रिय रही। अपर नगर आयुक्त सविता यादव, संयुक्त नगर आयुक्त कृष्ण चन्द्र, मुख्य अभियंता आर.के. सिंह, अधिशासी अभियंता अगम कटियार, जोनल स्वच्छता अधिकारी रवि चंद्र निरंजन, गजेंद्र चौहान, संदीप भार्गव, सहायक अभियंता कपिश बुधेलिया, क्षेत्रीय स्वास्थ्य निरीक्षक, डॉक्यूमेंट मैनेजर प्रीति सिंह, अवर अभियंता आलोक और पूर्व पार्षद रविन्द्र सिंह समेत बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक भी मौजूद रहे।








Leave a Comment