झट से पहुंचेंगे दिल्ली- जयपुर हाइवे और IGI एयरपोर्ट, जमीन के नीचे सुरंग से गुजरेंगे वाहन
नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में द्वारका एक्सप्रेसवे पर दिल्ली वाले हिस्से में बनाई गई सुरंग को अगले सप्ताह ट्रायल के लिए खोला जाएगा. यह सुरंग दिल्ली- NCR में सुगम सफर का एक नया अध्याय लिखेगी.
एयरपोर्ट से सीधी कनेक्टिविटी
नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) द्वारा तैयार की गई 3.6 किलोमीटर लंबी यह सुरंग द्वारका सेक्टर- 21 से दिल्ली- जयपुर हाईवे (NH- 48) और IGI एयरपोर्ट तक सीधी कनेक्टिविटी देने का काम करेगी. अगले सप्ताह ट्रायल के दौरान यदि खामियां नजर आती है, तो उन्हें तुरंत प्रभाव से दुरस्त किया जाएगा.
इस सुरंग का निर्माण 3 हिस्सों में किया गया है. जिसमें एक हिस्सा सीधे IGI एयरपोर्ट के T-3 की ओर जाएगा. एक हिस्सा दिल्ली- जयपुर हाइवे पर रेडिसन होटल के पास निकलेगा. वहीं, टनल का एक अन्य हिस्सा दिल्ली- जयपुर हाइवे पर महिपालपुर के पास शिव मूर्ति से जुड़ेगा. इस पूरे रूट से करीब 6.6 किलोमीटर लंबा सफर ट्रैफिक जाम से छुटकारा दिलाने का काम करेगा.
NH 48 से घटेगा ट्रैफिक दबाव
IGI एयरपोर्ट की ओर जाने वाली सुरंग को अभी नहीं खोला जाएगा, क्योंकि उसमें थोड़ा काम बाकी है. NHAI के एक अधिकारी ने बताया कि अगले महीने के पहले सप्ताह तक इस हिस्से को भी ट्रायल के लिए खोल दिया जाएगा. ट्रायल सफल होने पर इस हिस्से पर भी वाहनों के संचालन को हरी झंडी दिखा दी जाएगी.
NHAI के अधिकारी ने बताया कि जून महीने में सुरंग को द्वारका सेक्टर- 21, की ओर खोला जाएगा. इससे दिल्ली जयपुर- हाइवे पर ट्रैफिक दबाव कम होगा और साथ ही पर्यावरण प्रदुषण कम करने में मदद मिलेगी. सुरंग को रोजाना लगभग 5 घंटे के लिए खोला जाएगा, ताकि ट्रैफिक दबाव और जरूरतों का आंकलन किया जा सकें.
सुरंग की दीवारों पर रंग- बिरंगी पेंटिंग बनाई गई है. अंदर शानदार लाइटिंग सिस्टम स्थापित किया गया है. अधिकारियों ने खासतौर पर ध्यान दिया है कि कोई भी वाहन चालक फोटो खींचने के लिए बीच रास्ते में ठहराव न करें. सुरंग के भीतर हरेक मूवमेंट पर नजर रखने के लिए हाईटेक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं.