वाराणसी। बाबतपुर एयरपोर्ट पर गुरुवार की शाम बैंगलूरू के लिए रवाना होने वाली अकासा एयरलाइंस की फ्लाइट उड़ान भरने से ठीक पहले तकनीकी खराबी का शिकार हो गई। यह विमान फ्लाइट नंबर क्यूपी 1424 था, जिसमें 143 यात्री सवार थे। अचानक आए इस संकट के चलते यात्रियों को करीब तीन घंटे तक इंतजार करना पड़ा, लेकिन विमान को उड़ान योग्य न बन पाने की स्थिति में अंततः उसे ग्राउंड कर दिया गया।
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, मुंबई से आई फ्लाइट क्यूपी 1491 शाम लगभग 7.20 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पर उतरी थी। यही विमान आधे घंटे बाद यानी 7.55 बजे क्यूपी 1424 बनकर वाराणसी से बंगलूरू के लिए उड़ान भरने वाला था। निर्धारित समय पर यात्रियों को बोर्डिंग कराकर विमान को एप्रन से पुश बैक कर रनवे की ओर भेजा ही जा रहा था कि तभी पायलट को तकनीकी खराबी का पता चला। सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विमान को तुरंत रनवे से वापस एप्रन पर खड़ा कर दिया गया।
इसके बाद इंजीनियरों की टीम ने गड़बड़ी की जांच शुरू की। लगभग तीन घंटे तक समस्या दूर करने की कोशिशें की जाती रहीं, लेकिन रात 10.55 बजे तक भी सफलता नहीं मिली। इस बीच यात्रियों को एयरपोर्ट परिसर में ही इंतजार करना पड़ा। एयरलाइंस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि तकनीकी खराबी गंभीर थी, जिसके चलते उड़ान रद्द करनी पड़ी।
यात्रियों की असुविधा को देखते हुए कंपनी ने नजदीकी होटलों में ठहरने की व्यवस्था कराई। होटल में रात्रि विश्राम के बाद यात्रियों को अगले दिन उनके गंतव्य की ओर रवाना किया जाएगा। वहीं कुछ यात्रियों ने फ्लाइट रद्द कर अपने टिकट का रिफंड लेना पसंद किया और एयरपोर्ट से वापस चले गए।