दिल्ली सरकार की नई पहल, झुग्गी बस्तियों में खुलेगी अटल कैंटीन; सिर्फ 5 रुपये में मिलेगा भरपेट भोजन
नई दिल्ली | गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए दिल्ली सरकार (Delhi Govt) ने एक बड़ा कदम उठाते हुए अटल कैंटीन योजना को हरी झंडी दे दी है. सरकार से इस योजना को मंजूरी मिल चुकी है. अब दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (डूसिब) ने कैंटीनों की तैयारी को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है. इस योजना का उद्देश्य झुग्गी बस्तियों में रहने वाले लोगों को सस्ती दरों पर पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना है.
अटल कैंटीन में सिर्फ 5 रुपये प्रति प्लेट में भरपेट भोजन दिया जाएगा. खास बात यह है कि भोजन मौके पर नहीं बनाया जाएगा, बल्कि इसे केंद्रीकृत रसोईघरों में तैयार कर वहां से निर्धारित केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा. डूसिब की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार कैंटीनें मुख्य रूप से झुग्गी- झोपड़ी बस्तियों, मजदूर कॉलोनियों और जरूरतमंद क्षेत्रों में स्थापित की जाएंगी.
ढांचा का काम जारी
सरकार का लक्ष्य है कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती 25 दिसंबर से पहले 100 अटल कैंटीनें शुरू कर दी जाएं. इसके लिए जेजे क्लस्टरों में उपयुक्त स्थानों की पहचान की जा रही है. प्रत्येक केंद्र का डिजाइन और संचालन ढांचा तैयार करने का काम तेजी से चल रहा है. डूसिब के अधिकारियों ने बताया कि योजना के संचालन को प्रभावी बनाने के लिए एक विशेष अटल कैंटीन शाखा का गठन किया गया है. यह शाखा डूसिब के प्रधान निदेशक की निगरानी में काम करेगी. इनकी सहायता के लिए एक अधीक्षण अभियंता और एक कार्यकारी अभियंता नियुक्त किए गए हैं.
स्वच्छता पर फोकस
अधिकारियों का कहना है कि कैंटीनों में स्वच्छता और पोषण का विशेष ध्यान रखा जाएगा. भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित निरीक्षण की व्यवस्था भी की जाएगी. इसके साथ ही डूसिब भोजन की कीमत, वितरण प्रणाली और प्रबंधन से जुड़े सभी पहलुओं को अंतिम रूप देने में जुटा है. स्थानीय लोगों ने सरकार की इस पहल का स्वागत किया है. उनका कहना है कि यह योजना गरीब मजदूरों, रिक्शा चालकों, झुग्गीवासियों और दिहाड़ी कामगारों के लिए संजीवनी साबित होगी. महंगाई के इस दौर में पांच रुपये में भरपेट भोजन मिलना किसी वरदान से कम नहीं.