Lucknow: CM ने ‘उत्तर प्रदेश दिवस-2026’ के तैयारियों कि समीक्षा की… ‘एक जनपद-एक व्यंजन’ होगा विशेष आकर्षण

0


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘उत्तर प्रदेश दिवस-2026’ की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि इस वर्ष यह आयोजन प्रत्येक जनपद की सक्रिय सहभागिता, सांस्कृतिक विविधता और विकास की साझा चेतना के साथ एक भव्य जन-उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। 24 से 26 जनवरी, 2026 तक आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की संस्कृति, शिल्प, व्यंजन और विकास यात्रा को जनभागीदारी के माध्यम से एक ही मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा।

औपचारिकता नहीं, प्रदेश की पहचान का उत्सव

मुख्यमंत्री ने अपने सरकारी आवास पर आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में कहा कि उत्तर प्रदेश दिवस केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह प्रदेश की पहचान, उपलब्धियों और संभावनाओं को जनसहयोग के साथ प्रदर्शित करने का अवसर है। उन्होंने निर्देश दिए कि आयोजन को इस प्रकार स्वरूप दिया जाए कि हर स्तर पर प्रदेश की आत्मा और समृद्ध विरासत के दर्शन हों।

मुख्य अतिथि के रूप में अमित शाह, राष्ट्रीय पहचान को मिलेगा बल

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष ‘उत्तर प्रदेश दिवस’ के मुख्य अतिथि के रूप में भारत सरकार के गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की गरिमामयी उपस्थिति आयोजन को राष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान प्रदान करेगी। उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि व्यवस्थाएँ गरिमा, अनुशासन और समयबद्धता के साथ सुनिश्चित की जाएँ।

लखनऊ में मुख्य समारोह, प्रदेशभर में होगा सीधा प्रसारण

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजधानी लखनऊ स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसका सीधा प्रसारण प्रदेश के सभी जनपदों में किया जाएगा। इससे उत्तर प्रदेश दिवस का उत्सव एक साथ पूरे प्रदेश में मनाया जा सकेगा।

‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश’ थीम पर प्रदर्शनी

बैठक में अवगत कराया गया कि उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश’ थीम पर आधारित विशेष प्रदर्शनी और शिल्प मेला आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रदेश की विकास यात्रा, नवाचार, आधारभूत संरचना, उद्योग, कृषि, महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता से जुड़ी उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा।

‘एक जनपद-एक व्यंजन’ होगा विशेष आकर्षण

इस वर्ष आयोजन का प्रमुख आकर्षण ‘एक जनपद-एक व्यंजन’ रहेगा। इसके अंतर्गत प्रदेश के प्रत्येक जनपद के पारंपरिक और विशिष्ट व्यंजन एक ही परिसर में उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि आगंतुक उत्तर प्रदेश के विविध स्वाद, खान-पान परंपराओं और स्थानीय पहचान से परिचित हो सकें।

संस्कृति उत्सव से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि ‘संस्कृति उत्सव 2025-26’ के अंतर्गत प्रस्तावित सांस्कृतिक कार्यक्रमों को उत्तर प्रदेश दिवस से प्रभावी रूप से जोड़ा जाए। ‘हमारी संस्कृति-हमारी पहचान’ की भावना के अनुरूप लोक, शास्त्रीय और समकालीन कला रूपों को मंच प्रदान किया जाए तथा कलाकारों और आगंतुकों के लिए समुचित सुविधाएँ सुनिश्चित की जाएँ।

प्रेरणादायी और स्मरणीय बने उत्तर प्रदेश दिवस-2026

मुख्यमंत्री ने कहा कि 24 जनवरी को आयोजित मुख्य समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले सभी जनपदों के गणमान्य नागरिकों को आमंत्रित किया जाए, ताकि प्रदेश की सामूहिक उपलब्धियों का सम्मान किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश दिवस-2026 ऐसा आयोजन बने, जो प्रदेश की संस्कृति, स्वाद, शिल्प और विकास दृष्टि को एक साथ प्रस्तुत करे और प्रत्येक आगंतुक के लिए यह अनुभव प्रेरणादायी, स्मरणीय और गर्व का विषय बने।

Leave A Reply

Your email address will not be published.