यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण की बड़ी कार्रवाई, 25 हेक्टेयर भूमि अतिक्रमण से मुक्त

0


मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह के निर्देश पर यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण द्वारा अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध लगातार सख्त और प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में दिनांक 4 फरवरी 2026 को व्यापक ध्वस्तीकरण अभियान चलाकर हेरिटेज सिटी और राया अर्बन सेंटर जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स की लगभग 25 हेक्टेयर भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया। मुक्त कराई गई भूमि ग्राम पिपरौली खादर, अरूवा खादर और पानी गांव खादर में स्थित है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 1000 करोड़ रुपये आंकी गई है।

हेरिटेज सिटी क्षेत्र में अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर

कार्रवाई के दौरान मथुरा के हेरिटेज सिटी क्षेत्र में निर्माणाधीन अवैध होटल, ढाबों और अन्य व्यावसायिक संरचनाओं के खिलाफ ध्वस्तीकरण किया गया। इसके साथ ही यमुना नदी के किनारे लगभग दो हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित की जा रही एक अवैध कॉलोनी को भी ध्वस्त किया गया।

कोर एरिया में बन रही अवैध कॉलोनियां ध्वस्त

हेरिटेज सिटी के कोर एरिया अंतर्गत ग्राम अरूवा खादर और ग्राम पिपरौली खादर में विकसित की जा रही दो बड़ी अवैध कॉलोनियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें पूरी तरह हटाया गया। उल्लेखनीय है कि हेरिटेज सिटी माननीय मुख्यमंत्री का ड्रीम प्रोजेक्ट है, जहां किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण को लेकर प्राधिकरण ने जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है।

प्रशासन और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

यह ध्वस्तीकरण अभियान यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण के विशेष कार्य अधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ। उनके साथ डिप्टी कलेक्टर शिव अवतार सिंह,  अभिषेक शाही और  कृष्ण गोपाल त्रिपाठी मौजूद रहे। जिला प्रशासन की ओर से एसडीएम मांट रितु सिरोही और क्षेत्राधिकारी पी. सिंह के नेतृत्व में 11 थानों की पुलिस फोर्स, भारी संख्या में पुलिस बल और पीएसी की तैनाती की गई। पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से सायं 6:00 बजे तक जारी रही।

भविष्य में भी जारी रहेगी सख्ती

प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी अवैध अतिक्रमण और अनधिकृत निर्माण के विरुद्ध इसी प्रकार कठोर और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि नियोजित विकास और महत्वपूर्ण परियोजनाओं की भूमि को सुरक्षित रखा जा सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.