सड़कें होंगी सुगम और सुरक्षित: नोएडा प्राधिकरण ने तेज किया अतिक्रमण हटाओ अभियान

0


9 फरवरी 2026 को नोएडा प्राधिकरण द्वारा शहर की सड़कों और सार्वजनिक स्थानों को जाम-मुक्त एवं सुगम बनाने के उद्देश्य से व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस अभियान का मुख्य लक्ष्य सड़कों के किनारे अवैध रूप से खड़े वेंडरों, ठेली-पटरी वालों और अन्य अतिक्रमणों को हटाकर आम नागरिकों को यातायात जाम से राहत दिलाना था।

नियमित कार्रवाई के लिए विशेष व्यवस्था

नोएडा प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि अतिक्रमण के विरुद्ध यह अभियान केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा। प्रत्येक वर्क सर्किल में प्रतिदिन अतिक्रमण हटाने के लिए 1-1 जेसीबी और 1-1 डम्पर की व्यवस्था की गई है, ताकि नियमित और प्रभावी रूप से कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। इसका उद्देश्य शहर में दोबारा अवैध कब्जे और वेंडिंग को हतोत्साहित करना है।

इन क्षेत्रों में हुई अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई

09-02-2026 को वर्क सर्किल-1 से वर्क सर्किल-10 के अंतर्गत आने वाले कई प्रमुख क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाया गया। इनमें जोनल रोड नंबर-3 और एमपी-2 रोड, न्यू अशोक नगर और भंगेल एलीवेटेड रोड के समीप डी.एस.सी. रोड शामिल रहे। इसके अलावा सेक्टर 34, 35, 44, 51, 63, 65, 66, 70, 71, 93A, 124, 126, 150, 155 और 156 में भी सघन अभियान चलाया गया। हौजरी कॉम्प्लेक्स, फेज-2 तथा ग्राम गेझा तिलप्ताबाद जैसे क्षेत्रों में भी अवैध अतिक्रमण हटाया गया।

लगातार शिकायतों के बाद हुई सख्त कार्रवाई

प्राधिकरण के अनुसार, अवैध वेंडरों और अतिक्रमण को लेकर जनमानस, आरडब्ल्यूए (RWA), फोनवा (FONRWA) और औद्योगिक संगठनों से लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। इन्हीं शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए यह सख्त कार्रवाई की गई है।

प्रतिदिन चलेगा अतिक्रमण विरोधी अभियान

नोएडा प्राधिकरण ने साफ किया है कि अनधिकृत वेंडरों और अतिक्रमण को रोकने के लिए अब प्रतिदिन के आधार पर नियमित अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया जाएगा। प्राधिकरण का कहना है कि शहर को जाम-मुक्त, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए यह कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.