जांजगीर–चांपा में दागी अधिकारी की बीईओ के पद पर नियुक्ति: राज्य सरकार ने किया सस्पेंड, DEO ने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर किया था अपॉइंट
Janjgir-Champa BEO Appointment Controversy: जांजगीर–चांपा जिले के नवागढ़ विकासखंड में खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) की नियुक्ति को लेकर बड़ा प्रशासनिक विवाद सामने आया है। महेंद्र धर दीवान, जो पहले भी गंभीर आरोपों में घिर चुके हैं, को सात जनवरी को जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) द्वारा नवागढ़ का प्रभारी बीईओ नियुक्त किया गया था। यह नियुक्ति तब की गई जब पूर्व बीईओ का अन्य जिले में जिला शिक्षा अधिकारी के रूप में स्थानांतरण हो गया था और प्रभार एबीईओ देख रहे थे।
दीवान को न केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी सौंपी गई, बल्कि वित्तीय प्रभार भी दिया गया। लेकिन उनकी नियुक्ति पर सवाल इसलिए उठे क्योंकि उनके खिलाफ पहले से फर्जीवाड़े और गबन का मामला दर्ज है।
देखें आदेश की कॉपी-
2016 का फर्जी हस्ताक्षर और गबन मामला
वर्ष 2016 में राजीव गांधी शिक्षा मिशन के तहत एक बड़ा मामला सामने आया था। उस समय महेंद्र धर दीवान जिला मिशन समन्वयक के पद पर पदस्थ थे। आरोप था कि उन्होंने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर तत्कालीन कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ के हस्ताक्षर स्कैन कर फर्जी नोटशीट तैयार की और ठेकेदार राजेश अग्रवाल को करीब 2 करोड़ 30 लाख रुपए का भुगतान कर दिया।
जांच अपर कलेक्टर द्वारा की गई थी। रिपोर्ट में पाया गया कि बिना कार्य पूर्ण हुए भुगतान कर दिया गया। सक्ती और जैजैपुर विकासखंड के कई स्कूलों में विद्युतीकरण कार्य अधूरा या गुणवत्ताहीन पाया गया था। विभाग द्वारा 45 लाख 60 हजार रुपए की राशि वापस भी की गई थी। इसके बावजूद भुगतान जारी किया गया।
इस मामले में कोतवाली थाना जांजगीर में एफआईआर क्रमांक 519/16 धारा 120बी, 34, 420 और 409 के तहत अपराध दर्ज किया गया। हालांकि महेंद्र धर दीवान ने गिरफ्तारी के खिलाफ हाईकोर्ट से स्थगन आदेश ले लिया था।
युक्तियुक्तकरण में निलंबन
साल 2025 में बम्हनीडीह विकासखंड शिक्षा अधिकारी रहते उन्हें युक्तियुक्तकरण में अनियमितता के आरोप में संभाग आयुक्त सुनील जैन द्वारा निलंबित कर दिया गया था। दो महीने बाद बहाली के बाद उन्हें शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोसीर में प्राचार्य बनाया गया।
अधिकार क्षेत्र से बाहर हुई नियुक्ति
बीईओ की नियुक्ति का अधिकार राज्य सरकार और स्कूल शिक्षा विभाग को होता है। लेकिन डीईओ द्वारा अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर यह आदेश जारी किया गया। इसे लेकर विभाग में नाराजगी और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने के आरोप भी लगे।
शासन का हस्तक्षेप और नई नियुक्ति
मामला तूल पकड़ने के बाद राज्य शासन ने आदेश जारी कर महेंद्र धर दीवान को हटाते हुए अशोक कुमार पाटले, प्राचार्य स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय डोंगरी, विकासखंड कटघोरा, जिला कोरबा को नवागढ़ का नया बीईओ नियुक्त किया है। शासन ने प्रशासनिक आधार पर यह निर्णय लिया है।