Jhansi Murder Case: झांसी में छोटे भाई ने कुल्हाड़ी से की थी बड़े भाई की हत्या, नींद में खलल डालने पर हुआ था विवाद, घर में दफन थी लाश

0


Jhansi Murder Case: उत्तर प्रदेश के झांसी में छोटे भाई ने बड़े भाई को सिर्फ इसलिए मौत की नींद सुला दिया, क्योंकि बड़े भाई ने उसकी नींद में खलल डाल दिया था। आरोपी ने पुलिस को चकमा देने के लिए खुद ही बड़े भाई के गुमशुदा होने की सूचना दी थी। झांसी पुलिस ने जब सख्ती से आरोपी से पूछताछ की तो राज से पर्दा उठ गया।

मुसर्रिक ने 2 महीने पहले नौकरानी से की शादी

वारदात बिहारीपुरा में हुई। मुसर्रिक बेग अपनी पत्नी, बड़े भाई तारिक और मां के साथ रहता है। तारिक की अभी शादी नहीं हुई थी। मुसर्रिक शिक्षा विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी  है, ये नौकरी उसे अपने पिता की मौत के कारण अनुकम्पा पर मिली है। 2 महीने पहले ही मुसर्रिक ने अपनी नौकरानी से शादी की थी।

नींद में खलल पड़ा तो कुल्हाड़ी से हत्या

हत्या के आरोपी मुसर्रिक बेग की मानें तो 10 फरवरी को मां कहीं गई थी, जबकि पत्नी मायके गई थी। मकान के ऊपरी हिस्से में रहने वाला भाई तारिक सुबह चाय बनाने नीचे आया तो उसने  किचन में जाने के लिए छोटे भाई के कमरे की कुण्डी बजा दी, जिससे मुसर्रिक की नींद में खलल पड़ गया। दोनों भाइयों में विवाद होने लगा। विवाद इतना बढ़ गया कि तारिक ने चाकू उठा लिया, ये देख मुसर्रिक ने कुल्हाड़ी उठाई और गुस्से में बड़े भाई के सिर पर वार कर दिए। जिससे वह गिर पड़ा और कुछ देर में दम तोड़ दिया।

घर में दफन किया शव

घर में दफन लाश निकालने के लिए मिट्टी खोदता आरोपी

हत्या के बाद मुसर्रिक ने घर के पिछले हिस्से में गड्ढा खोदकर लाश को दफन कर दिया। भाई के नजर न आने पर जब मां ने पूछा तो वह झूठ बोलता रहा और फिर पुलिस को भाई के गुमशुदा होने की खबर दी। 

पूछताछ में कबूल किया गुनाह

tarik
मृतक तारिक

तारिक के गायब होने से उसकी मां और मामा काफी परेशान थे। मुसर्रिक की गतिविधियों से मामा को कुछ शक हुआ तो उन्होंने पुलिस से बात की। पुलिस ने जब मुसर्रिक से पूछताछ की तो वह टूट गया और हत्या कर शव को दफन करने की बात कबूल कर ली। मामला गंभीर होने की सूचना पर एसएसपी मौके पर पहुँचे और मजिस्ट्रेट के आदेश पर गड्ढा खुदवाकर शव बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

jhansi bhai murder case
पुलिस की हिरासत में आरोपी

आरोपी को अफसोस

बड़े भाई की निर्मम हत्या के आरोप में गिरफ्तार मुसर्रिक बेग को अब अपने किए पर पछतावा हो रहा है। उसने कहा कि अगर गुस्से पर काबू कर लेता तो यह घटना नहीं होती।

Leave A Reply

Your email address will not be published.