सरगुजा में 12वीं बोर्ड परीक्षा देने जा रहे स्टूडेंट की मौत: दो छात्रों की बाइक मोटरसाइकिल से टकराई, एक छात्र 12 फीट उछलकर गिरा, गई जान
Surguja Student Road Accident: सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र में 12वीं बोर्ड परीक्षा देने जा रहे दो छात्रों के साथ दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यह घटना उस समय हुई जब दोनों छात्र सुबह परीक्षा केंद्र के लिए बाइक से निकले थे।
जानकारी के अनुसार शांतिपारा स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल (Swami Atmanand School) में पढ़ने वाले झेराडीह निवासी अनिकेश तिवारी (18) और बैलकोटा निवासी निष्क एक्का (18) बाइक से परीक्षा देने जा रहे थे। दोनों को सुबह 9 बजे तक परीक्षा केंद्र पहुंचना था।
गिट्टी के कारण बिगड़ा संतुलन
बताया जा रहा है कि दोनों छात्र पहले ही लेट हो चुके थे और इसी वजह से तेज रफ्तार में बाइक चला रहे थे। सुबह करीब पौने 9 बजे जब वे कुनकुरी के पास पहुंचे, तो सड़क निर्माण के लिए किनारे डाली गई गिट्टी के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ गया।
तेज रफ्तार में चल रही बाइक सामने जा रहे एक अन्य बाइक सवार से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पीछे बैठा निष्क एक्का करीब 12 फीट ऊपर उछलकर सड़क पर गिर पड़ा।
मौके पर ही छात्र की मौत
हादसे में दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शांतिपारा (Community Health Center Shantipara) पहुंचाया गया। जहां इलाज के दौरान निष्क एक्का की मौत हो गई।
वहीं अनिकेश तिवारी की हालत गंभीर बनी हुई है। उसके सिर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। बेहतर इलाज के लिए उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज (Ambikapur Medical College) रेफर किया गया है।
पहली बार बाइक से गया था छात्र
परिजनों ने बताया कि हादसे में क्षतिग्रस्त हुई बाइक अनिकेश तिवारी की थी। वह बाइक लेकर बैलकोटा पहुंचा था और निष्क को साथ लेकर परीक्षा देने निकला था। निष्क पहली बार बाइक से स्कूल गया था, इससे पहले वह बस से ही स्कूल आता-जाता था।
परीक्षा के पहले दिन ही मातम
आज से 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं शुरू हुई हैं। छात्रों को सुबह 9 बजे तक परीक्षा केंद्र पहुंचने के निर्देश दिए गए थे। देर होने के कारण तेज रफ्तार में बाइक चलाई जा रही थी, जिससे यह हादसा हो गया।
घटना के बाद दोनों परिवारों में शोक का माहौल है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।