रीवा में सियासी बवाल: मनगवां BJP विधायक पर नगर परिषद अध्यक्ष का बड़ा आरोप, कहा- बार-बार करते हैं पैसों की डिमांड, संगठन मंत्री को लिखा पत्र
Rewa Allegations on Mangawan MLA Narendra Prajapati: मध्यप्रदेश के रीवा जिले की मनगवां विधानसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी के भीतर मचे आंतरिक कलह सामने आई है। मनगवां नगर परिषद की अध्यक्ष बुटला कमलेश बंसल ने प्रदेश संगठन मंत्री को एक शिकायती पत्र भेजकर अपनी ही पार्टी के विधायक नरेंद्र प्रजापति के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पत्र में विधायक पर भ्रष्टाचार, पैसों की उगाही और राजनीतिक दबाव बनाने के सनसनीखेज आरोप लगाए गए हैं। पत्र वायरल होने के बाद से क्षेत्र की राजनीति में भूचाल आ गया है। वहीं, विधायक ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए निर्माण कार्यों में अनियमितता की जांच का मामला बताया है।
पत्र ने बढ़ाई भाजपा की मुश्किलें
मनगवां नगर परिषद अध्यक्ष बुटला कमलेश बंसल (Butla Kamlesh Bansal) ने गंभीर आरोप लगाते हुए भाजपा के प्रदेश संगठन मंत्री को लिखा है, जो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। पत्र में अध्यक्ष ने उल्लेख किया है कि नगर परिषद मनगवां में भाजपा का पूर्ण बहुमत है और परिषद वर्तमान में अनुसूचित जाति वर्ग की महिला के नेतृत्व में सुचारू रूप से कार्य कर रही है। बावजूद इसके, विधायक नरेंद्र प्रजापति द्वारा परिषद के कार्यों में अड़ंगा डाला जा रहा है।
पैसों की डिमांड करने का आरोप
अध्यक्ष का सबसे गंभीर आरोप यह है कि विधायक की ओर से बार-बार रुपयों की मांग की जाती है। जब यह अवैध मांग पूरी नहीं होती, तो विधायक राजनीतिक दबाव बनाने के लिए विधानसभा सत्र के दौरान परिषद के खिलाफ लगातार प्रश्न लगाते हैं। पत्र के अनुसार, प्रश्न क्रमांक 73, 1163, 743 और 3009 के माध्यम से परिषद और पार्षदों को घेरने की कोशिश की गई है ताकि उन्हें मानसिक और राजनीतिक रूप से प्रताड़ित किया जा सके।
ये खबर भी पढ़ें… रीवा में रिश्वत केस में ASI ट्रैप: चौकी प्रभारी का चालक 30 हजार लेते रंगे हाथों पकड़ाया, छेड़छाड़ मामले में समझौता करने मांगे थे 1 लाख रुपए
विधायक बोले- आरोप पूरी तरह निराधार
इस पूरे विवाद पर जब विधायक नरेंद्र प्रजापति से पक्ष लिया गया, तो उन्होंने सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। भोपाल में मौजूद विधायक ने कहा कि परिषद के आरोप पूरी तरह निराधार हैं। उन्होंने तर्क दिया कि उन्हें नगर परिषद में वर्ष 2018 से 2026 के बीच हुए निर्माण कार्यों में भारी अनियमितताओं की शिकायतें मिली थीं। एक सजग जनप्रतिनिधि होने के नाते उन्होंने सदन में इन कार्यों की जानकारी मांगी है। विधायक का दावा है कि भ्रष्टाचार उजागर होने के डर से अध्यक्ष इस तरह की बयानबाजी और पत्रबाजी कर रही हैं।
संगठन की जांच पर टिकी नजरें
अध्यक्ष बुटला कमलेश बंसल ने संगठन से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो कार्यकर्ताओं का मनोबल टूटेगा और संगठन को क्षति पहुँचेगी। फिलहाल, पत्र वायरल होने के बाद अध्यक्ष ने चुप्पी साध ली है, जबकि स्थानीय राजनीति में आरोपों-प्रत्यारोपों का दौर जारी है।
ये खबर भी पढ़ें… MP Congress: हेमंत कटारे ने उपनेता प्रतिपक्ष पद से दिया इस्तीफा, विधानसभा सत्र के बीच अचानक फैसला, राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे को पत्र लिख बताई यह वजह
ये खबर भी पढ़ें… मैहर लैंड स्कैम: लोन का झांसा देकर हड़प ली आदिवासी की जमीन; जिंदा मालिक को कागजों में बताया मृत, पटवारी और 7 बिचौलियों पर FIR
ये खबर भी पढ़ें… रिटायर्ड IAS नियाज खान का बड़ा बयान: बोले-बांग्लादेश में 2 हिंदू मंत्री, मोदी सरकार में एक भी मुस्लिम मंत्री क्यों नहीं?, BJP-RSS से की अपील
Rewa BJP news Rewa BJP, Rewa News, Mangawan BJP MLA Narendra Prajapati, Mangawan nagar parishad Butla Kamlesh Bansal, BJP Internal Dispute, MP Politics, mp news Mangawan news