हरियाणा कांग्रेस पार्टी में संगठन खड़ा होने की जगी उम्मीद, इस तारीख को चंडीगढ़ आएंगे राहुल गांधी

चंडीगढ़ | हरियाणा कांग्रेस (Haryana Congress) में नई जान फूंकने के लिए केंद्रीय हाईकमान ने कवायद तेज कर दी है. इसके लिए लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी 4 जून को चंडीगढ़ पहुंच रहे हैं. मिली जानकारी के अनुसार, राहुल गांधी अपने इस दौरे पर हरियाणा कांग्रेस के नेताओं के साथ बैठक करेंगे.

संगठन खड़ा करने की होगी कवायद

4 जून को अपने चंडीगढ़ दौरे पर राहुल गांधी हरियाणा में पार्टी के संगठन के मुद्दे पर ही बैठक करेंगे. पिछले 10 साल से कांग्रेस पार्टी अपना संगठन खड़ा नहीं कर पा रही हैं. ऐसे में राहुल गांधी हरियाणा कांग्रेस के संगठन को बनाने और उसकी आगामी प्रक्रिया को तेजी देने के लिए पार्टी नेताओं के साथ मंथन कर सकते हैं. इस बैठक में सभी एआईसीसी जिला पर्यवेक्षकों को आमंत्रित किया जा रहा है. पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं, सांसदों और विधायकों के साथ भी राहुल गांधी चर्चा करेंगे. इस दौरान हरियाणा में कांग्रेस पार्टी की आगामी रणनीति को लेकर चर्चा की जाएगी.

हरियाणा में जिला अध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर 21 नेताओं को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है. बताया जा रहा है कि ये नेता संगठन की चयन प्रक्रिया शुरू करें, उससे पहले राहुल गांधी उन्हें संगठन के गठन के संबंध में क्या और किन बातों का ध्यान रखना है, उसकी जानकारी देंगे.

राजनीतिक एक्सपर्ट की राय

राहुल गांधी के चंडीगढ़ दौरे को लेकर राजनीतिक एक्सपर्ट धीरेन्द्र अवस्थी का कहना है कि पिछली एआईसीसी की प्रमुख बैठक में फैसला हुआ था कि ये साल संगठन के लिए समर्पित किया जायेगा और राहुल गांधी का चंडीगढ़ दौरा उसी कड़ी का हिस्सा है. हरियाणा कांग्रेस में जिस संगठन का कांग्रेस पार्टी इंतजार कर रही है, ये बैठक उस दिशा में भी अहम हो सकती है. इस बैठक से उम्मीद जताई जा रही है कि हरियाणा कांग्रेस पार्टी जल्द ही अपने संगठन को खड़ा कर सकती हैं.

Leave a Comment