UTTAR PRADESH NEWS- विकसित भारत के लिए विकसित कृषि” अभियान से किसानों को नई दिशा दे रही है योगी सरकार

0


उत्तर प्रदेश सरकार किसानों की उन्नति और आधुनिक कृषि को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसी क्रम में राज्य के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में “विकसित भारत के लिए विकसित कृषि” अभियान की जानकारी साझा की। इस अवसर पर कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख भी मौजूद रहे।

कृषि मंत्री ने बताया कि यह अभियान भारत सरकार द्वारा चलाया जा रहा है, और उत्तर प्रदेश में इसे बड़ी सक्रियता के साथ अपनाया गया है। उन्होंने कहा कि 22 मई 2025 को इस अभियान की रूपरेखा तय की गई थी, और 29 मई को लोकभवन में इसका शुभारंभ हुआ। तब से अब तक प्रदेश के 4959 स्थानों पर यह अभियान सफलतापूर्वक चलाया जा चुका है।

इस अभियान के तहत ICAR से संबद्ध संस्थानों, कृषि विज्ञान केंद्रों और अन्य विभागों के सहयोग से किसानों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। मुख्य रूप से जैविक खेती, उर्वरक निर्माण, और खेती में आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी जा रही है।

कृषि मंत्री ने बताया कि अब तक 839617 किसानों ने इस कार्यक्रम में भाग लिया है, जिसमें से 6 लाख से अधिक पुरुष व महिला किसान शामिल रहे हैं। यह कार्यक्रम 29 मई से 12 जून तक चलाया जाएगा और प्रदेश के 125 स्थानों पर आयोजित किया जाएगा। हर जिले में तीन टीमें बनाई गई हैं, जो मिलकर 625 संवाद कार्यक्रम आयोजित कर रही हैं।

शाही ने बताया कि खरीफ फसलों की समय पर बुवाई के लिए राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। विशेष रूप से तिलहन और दलहन फसलों को बढ़ावा देने के लिए सरकार विशेष योजनाएं चला रही है। उत्तर प्रदेश में 10,000 हेक्टेयर क्षेत्र में मूंगफली की खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को बीज और तकनीकी सहायता प्रदान की जा रही है। इसके अलावा प्रति हेक्टेयर 5 किलो तिल का बीज भी किसानों को उपलब्ध कराया जा रहा है।

अरहर की खेती को बढ़ावा देने के लिए 144625 किसानों को निशुल्क बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख ने मेरठ, रामपुर और पीलीभीत जैसे जनपदों में जाकर किसानों से संवाद किया और तकनीकी जानकारियों को साझा किया।

मिट्टी की गुणवत्ता सुधारने के लिए अब तक 14000 क्विंटल बीज और 11538 मीट्रिक टन जिप्सम किसानों को उपलब्ध कराया गया है। यह अभियान प्रदेश में आत्मनिर्भर कृषि की दिशा में एक बड़ा कदम है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.