MP में नौतपा जैसी तपिश से लोग परेशान, 15 जिलों में लू का अलर्ट, 28 शहरों में तापमान 40डिग्री के पार

0

MP Weather Updateमध्यप्रदेश में जून की शुरुआत से ही सूरज के तीखे तेवर जारी हैं। बीते तीन दिनों से प्रदेश में नौतपा जैसी भीषण गर्मी का असर बना हुआ है। मंगलवार को प्रदेश के 28 शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार रहा। सबसे अधिक तापमान नौगांव में 46.1 डिग्री दर्ज किया गया।

नर्मदापुरम और गुना भी भीषण गर्मी की चपेट में

नौगांव के बाद नर्मदापुरम में 45.9 डिग्री, गुना और खजुराहो में 45.4 डिग्री, टीकमगढ़ में 45.2 डिग्री और सागर में 45 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। शिवपुरी में भी पारा 44 डिग्री तक पहुंच गया। भोपाल में 43.4 डिग्री, उज्जैन में 43 डिग्री, जबलपुर में 42.5 डिग्री और इंदौर में 40.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।

ग्वालियर में सबसे अधिक गर्मी

प्रदेश के बड़े शहरों में ग्वालियर सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 44.6 डिग्री दर्ज हुआ। वहीं, दमोह, शाजापुर, सतना और रतलाम में भी पारा 43 डिग्री के पार पहुंच गया। पूरे प्रदेश में केवल पचमढ़ी ही ऐसा स्थान रहा, जहां तापमान अपेक्षाकृत कम 37.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

अगले दो दिन लू का रेड अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने अगले 2 दिन यानी 11 और 12 जून के लिए ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, गुना, शिवपुरी, अशोकनगर, सागर, दमोह, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, नीमच और मंदसौर जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन और जबलपुर में भी तेज धूप और गर्मी का असर बना रहेगा।

कुछ जिलों में बारिश और आंधी का पूर्वानुमान

तेज गर्मी के बीच प्रदेश के छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, डिंडोरी, अनूपपुर और शहडोल जिलों में आंधी और बारिश का भी अलर्ट जारी किया गया है। मंगलवार को भी बालाघाट, डिंडोरी, इंदौर, उज्जैन, शहडोल, अनूपपुर और मंडला में हल्की बारिश और बूंदाबांदी दर्ज की गई।

15 जून के बाद मानसून की एंट्री!

फिलहाल मानसून महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में ठहरा हुआ है, जिसके कारण मध्यप्रदेश में इसकी एंट्री देरी से हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक मानसून अगले 3-4 दिन तक आगे नहीं बढ़ेगा। ऐसे में प्रदेश में मानसून के 15 जून के बाद पहुंचने की संभावना है।

गर्मी ने तोड़े रिकॉर्ड, लोग बेहाल

भीषण गर्मी और लू के चलते आम जनजीवन प्रभावित है। दोपहर के समय सड़कें सुनसान हो जाती हैं। प्रशासन ने लोगों को जरूरी सावधानी बरतने और धूप में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.