अहमदाबाद विमान हादसे में ग्वालियर के आर्यन राजपूत की मौत, बीजे मेडिकल कॉलेज में फर्स्ट ईयर का स्टूडेंट था

0

 

ग्वालियर/अहमदाबाद। गुरुवार दोपहर अहमदाबाद एयरपोर्ट के पास हुए भीषण विमान हादसे में देशभर के कई परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। इस हादसे में ग्वालियर के जिगसौली निवासी आर्यन राजपूत की भी मौत हो गई। 19 वर्षीय आर्यन अहमदाबाद के बीजे मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस प्रथम वर्ष के छात्र थे। वे हाल ही में NEET परीक्षा में सफलता पाकर इस प्रतिष्ठित कॉलेज में दाखिला पाए थे।

घटना के समय हॉस्टल के मेस थे मौजूद

घटना के दौरान आर्यन कॉलेज के रेज़िडेंट हॉस्टल के मेस में मौजूद थे, जो एयरपोर्ट के पास स्थित है। प्लेन टेकऑफ के कुछ ही मिनटों बाद तकनीकी खराबी के चलते बेकाबू होकर हॉस्टल परिसर में आ गिरा, जिससे कई छात्र चपेट में आ गए। आर्यन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य घायल छात्रों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जिगसौली में शोक की लहर

आर्यन की मौत की खबर सुनते ही ग्वालियर के जिगसौली इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। उनके घर पर लोगों का तांता लग गया। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहल्ले के लोग बताते हैं कि आर्यन बेहद मेधावी और संस्कारी लड़का था। आर्यन ने 2024 में NEET में शानदार प्रदर्शन कर परिवार और शहर का नाम रोशन किया था।

हॉस्टल की इमारत में लगी भीषण आग

विमान में कुल 242 लोग सवार थे, जिसमें 230 यात्री और 12 क्रू मेंबर (2 पायलट सहित) शामिल थे। हादसा बीजे मेडिकल कॉलेज के रेजिडेंट डॉक्टर्स हॉस्टल पर हुआ, जिससे वहां भी आग लग गई और हॉस्टल में मौजूद कई लोग हताहत हो गए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज धमाके के साथ विमान हॉस्टल की इमारत से टकराया और फिर आग लग गई। विमान का पिछला हिस्सा (टेल सेक्शन) इमारत पर फंसा हुआ दिखाई दे रहा है। चारों ओर धुएं का घना गुबार फैल गया और घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

विमान में सवार थे विभिन्न देशों के नागरिक

एअर इंडिया की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, फ्लाइट AI-171 में यात्रियों का विवरण इस प्रकार था।

  • 169 भारतीय नागरिक
  • 53 ब्रिटिश नागरिक
  • 1 कनाडाई नागरिक
  • 7 पुर्तगाल के नागरिक
  • इनमें कई यात्री लंदन में अपने परिजनों से मिलने और कुछ बिजनेस ट्रिप पर जा रहे थे।
Leave A Reply

Your email address will not be published.