दिल्ली- आगरा हाइवे पर ट्रैफिक जाम से मिलेगा छुटकारा, यहां पर बनेगा 8 लेन फ्लाईओवर

0

फरीदाबाद | दिल्ली- NCR क्षेत्र में सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां दिल्ली- आगरा नेशनल हाईवे पर बल्लभगढ़ अनाज मंडी से लेकर JCB कट तक प्रस्तावित सात लेन रेलवे ओवरब्रिज को अब 8 लेन का बनाया जाएगा. इसी प्रकार 8 लेन फ्लाईओवर निर्माण की योजना आगरा तक की हैं, ताकि आने वाले सालों में किसी तरह की ट्रैफिक समस्या से लोगों को जूझना ना पड़े.

बीजेपी विधायक एवं पूर्व परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने यह जानकारी साझा की है. नरेंद्र मोदी सरकार के संकल्प से सिद्धि तक 11 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में सिविल रेस्ट हाउस में एक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया था, जहां मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने यह जानकारी दी है.

अब 8 लेन का बनेगा रेलवे ओवरब्रिज

मीडिया से बातचीत करते हुए बीजेपी विधायक मूलचंद शर्मा ने कहा कि बल्लभगढ़ में रेलवे ओवरब्रिज निर्माण कार्य की तैयारियां शुरू हो चुकी थी, लेकिन अब केंद्र सरकार ने आदेश दिया है कि इस ओवरब्रिज को 8 लेन का बनाया जाएगा. उन्होंने बताया कि पिछले साल 9 मार्च को इस 7 लेन के ओवरब्रिज का केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर और खुद उन्होंने शिलान्यास किया था.

राशि में इजाफा

मूलचंद शर्मा ने बताया कि इस प्रोजेक्ट पर 150 करोड़ रुपए खर्च होने थे, लेकिन अब 8 लेन का ओवरब्रिज बनाने पर लागत राशि में इजाफा होगा. जल्द ही, इसका नया एस्टीमेट तैयार किया जाएगा. उन्होंने कहा कि बल्लभगढ़ से पलवल तक मेट्रो संचालन की घोषणा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कर चुके हैं. इस प्रोजेक्ट पर जल्द ही काम शुरू किया जाएगा. बीजेपी विधायक ने कहा कि अमृत काल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में रिकॉर्ड विकास कार्य हुए हैं. आज भारत की प्रभुता, अखंडता और सुरक्षा की इंटरनेशनल लेवल पर चर्चा होती है. इससे पता चलता है कि देश का नेतृत्व मजबूत हाथों में हैं.

Leave A Reply

Your email address will not be published.