सोनीपत शहर की खूबसूरती में लगेंगे चार- चांद, पार्कों के सौंदर्यीकरण पर खर्च होंगे 10 करोड़ रुपए
सोनीपत | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे सोनीपत (Sonipat) जिले के लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां नगर निगम ने शहर की हरियाली और प्राकृतिक सुंदरता को बढ़ावा देने की कवायद शुरू कर दी है. नगर निगम ने पार्कों की खूबसूरती बढ़ाने का फैसला लिया है, जिससे न केवल शहर की सुंदरता बढ़ेगी, बल्कि पर्यावरण प्रदुषण कम करने में भी मदद मिलेगी.
खर्च होंगे 10 करोड़ रुपए
नगर निगम द्वारा शहर के पार्कों में सुधार और सौंदर्यीकरण पर 10 करोड़ रुपए से ज्यादा खर्च करने की योजना बनाई है. इनका जल्द एस्टीमेट बनाकर टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी. रेवली, शाहपुर और गढ़ शाहजहांपुर में नए पार्क बनाएं जाएंगे. शुभम गार्डन, सेक्टर 12, कबीरपुर वाटर वर्क्स और राठधना रोड पर बैंयापुर की जमीन में भी पार्क बनाने की योजना पर कार्य चल रहा है.
सोनीपत शहर के नवनिर्वाचित बीजेपी मेयर राजीव जैन ने बताया कि शहर की ऋषि कालोनी में दिव्य नगर योजना के तहत भव्य पार्क का निर्माण किया जाएगा. 12 एकड़ जमीन पर विकसित होने वाले इस पार्क में तमाम आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी.
खेल उपकरण होंगे उपलब्ध
उन्होंने बताया कि सेक्टर- 14 के पार्कों की मरम्मत के लिए 93 लाख रुपये, सेक्टर- 15 के पार्कों के लिए 2.30 करोड़ रुपये और सेक्टर- 23 में 1 करोड़ रुपये से मरम्मत कार्य तेज गति से चल रहा है. सेक्टर- 12 एवं सेक्टर- 13 और अन्य पार्कों के लिए भी एस्टीमेट तैयार किए जा रहे हैं. मेयर ने बताया कि पार्कों में सुधार की योजना बनाई गई है, जिसमें बच्चों के लिए झूले, आउटडोर जिम, दीवारों का सौंदर्यीकरण आदि शामिल हैं.