राजस्थान का यह झरना बना सैलानियों की पहली पसंद, गर्मी की छुट्टियों में जरूर करें विजिट
नई दिल्ली | हमारे देश में घूमने- फिरने के शौकीनों की कोई कमी नहीं है और इस समय गर्मी की छुट्टियों का सीजन भी चल रहा है. ऐसे में लोग परिवार या दोस्तों के साथ बाहर जाने की प्लानिंग कर रहे हैं. आज हम आपको एक ऐसी जगह के बारे में बताएंगे, जो शहर के शोर- शराबे से बिल्कुल दूर है. यहां की प्राकृतिक खूबसूरती आपको मंत्रमुग्ध कर देगी. यहां आप फुर्सत के दो पल बेहद सुकून भरे माहौल में बिता सकते हैं.
गरवाजी का झरना
जिस जगह की हम बात कर रहे हैं, वह राजस्थान के अलवर जिले में स्थित गरवाजी का झरना है. यह स्थान पर्यटकों के पसंदीदा पर्यटन स्थलों में से एक है. यह झरना अलवर शहर से करीब 18 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है और अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए काफी प्रसिद्ध है. चट्टानों से होकर गुजरता पानी जब नीचे गिरता है, तो एक अद्भुत नजारा पैदा होता है, जिसे देखने दूर- दूर से लोग आते हैं.
बरसात में दिखती है खूबसूरती
मानसून के मौसम में इस झरने की खूबसूरती और भी बढ़ जाती है. चारों ओर हरियाली और पानी की रफ्तार इसे और भी अधिक आकर्षक बना देती है. यह स्थान बेहद शांत और मन को सुकून देने वाला है. अरावली की प्राचीन पहाड़ियों के बीच स्थित यह झरना पिकनिक मनाने और ट्रैकिंग के शौकीनों के लिए एक आदर्श जगह साबित हो सकती है. परिवार के साथ समय बिताने के लिए यह एक बेहतरीन पर्यटन स्थल माना जा सकता है.