सोनीपत | हरियाणा के सोनीपत जिले के गोहाना में एक मित्र मंडली अपनी सराहनीय पहल की बदौलत चौतरफा वाहा- वाही लूट रही है. बता दें कि गोहाना विधानसभा क्षेत्र के गांव पिनाना में घेवर मित्र मंडली पिनाना फाउंडेशन चलाने वाले दो दोस्तों ने 5 साल पहले खुद से घेवर बनाने का काम शुरू किया था.
गौवंश के लिए दान किए डेढ़ करोड़ रुपए
दोनों दोस्त घेवर बिक्री के मुनाफे से अबतक 1.50 करोड़ रुपए से ज्यादा की धनराशि गौवंश की सेवा के लिए दान कर चुके हैं. इस घेवर मित्र मंडली की हर कोई सराहना करते नही थक रहा है. शनिवार को गोहाना विधानसभा क्षेत्र से से बीजेपी विधायक एवं कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने घेवर स्टॉल का रिबन काट कर उद्घाटन किया. इस मौके पर खरखोदा विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक पवन खरखोदा भी उपस्थित रहे.
घेवर मित्र मंडली पिनाना फाउंडेशन के संचालक राकेश व अमित ने बताया उन्होंने ग्रामीणों के सहयोग से गांव में 5 साल पहले साल 2020 में खुद से ही घेवर बनाना शुरू कर किया था. इस घेवर होने वाली कमाई वो गौशालाओं में दान कर रहे हैं ताकि गौवंश की सेवा में आर्थिक सहयोग होता रहे, जो कि अभी तक 1 करोड़ 50 लाख 81 हजार 921 रुपए दान दे चुके हैं.
मंत्री ने की जमकर सराहना
दोनों दोस्तों ने बताया कि इस साल भी घेवर की बिक्री से जितना मुनाफा मिलेगा, वो भी सारा गौशालाओं में दान किया जाएगा. वो शुद्ध देसी घी से घेवर तैयार करते हैं और उनके पास कई तरह के फ्लेवर में घेवर तैयार किया जाता है. बता दें कि हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, यूपी सहित उत्तर भारत के कई राज्यों में घेवर को बहुत पसंद किया जाता है और सावन महीने में तैयार होने वाले घेवर को लोग बड़े चाव से खाते हैं.
घेवर स्टॉल का उद्घाटन करने पहुंचे कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने घेवर मित्र मंडली पिनाना फाउंडेशन की जमकर सराहना करते हुए उनकी तारीफों में कसीदे पढ़े. उन्होंने कहा कि सच्चे मन से गौसेवा करने से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती है. दोनों दोस्त इसी बात का सबसे बड़ा उदाहरण है. गौसेवा से बढ़कर कोई धर्म नहीं है.