वाराणसी। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा के निर्देश पर नगर निगम द्वारा शहर में स्वच्छता महाअभियान जोर-शोर से चलाया जा रहा है। मंगलवार को दो अलग-अलग टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में जन जागरूकता अभियान चलाया। आईईसी एक्सपर्ट सरिता तिवारी के नेतृत्व में सिकरौल भोजूबीर सब्जी मंडी, संजय नगर कॉलोनी, नाटी इमली, राणानगर कॉलोनी और सिकरौल के कॉलेज ऑफ टीचर एजुकेशन क्षेत्र में अभियान चलाया गया। वहीं, डॉक्यूमेंट मैनेजर प्रीति सिंह की अगुवाई में गणेशधाम कॉलोनी, नेवांदा, बलुआबीर, रामपुर, रामनगर, शिवाला और नरिया में स्वच्छता जागरूकता फैलाई गई।

अभियान में दुकानदारों और रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को सिंगल यूज प्लास्टिक (प्रतिबंधित पॉलीथिन) का उपयोग न करने की सलाह दी गई। उन्हें कपड़े के थैले या स्वतः अपघटित होने वाले थैलों का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। ग्राहकों को भी खरीदारी के दौरान कपड़े का थैला लाने के लिए जागरूक किया गया। खानपान के दुकानदारों को पुनः उपयोग होने वाले बर्तनों या कागज व इको-फ्रेंडली कटलरी का प्रयोग करने और दुकान के आसपास सफाई बनाए रखने की अपील की गई।

नगर निगम की टीम ने लगभग 400 घरों में जाकर निवासियों को दो डस्टबिन का उपयोग करने, गीले कचरे से कम्पोस्ट बनाने और कचरा केवल नगर निगम की गाड़ी में डालने की सलाह दी। सड़कों व खाली प्लॉटों पर कचरा न फेंकने की अपील की गई, ताकि बारिश में नाले जाम होने और जलजमाव की समस्या न हो। सिकरौल के कॉलेज ऑफ टीचर एजुकेशन के पास सार्वजनिक स्थानों पर पेशाब न करने और पान-गुटखा थूकने वालों को “रोको-टोको” अभियान के तहत जागरूक किया गया। अभियान का असर दिखा, क्योंकि कई रेहड़ी वाले कपड़े के थैले या अन्य विकल्पों का उपयोग करते पाए गए।



