चंडीगढ़ | हरियाणा में नकली बीज की बिक्री पर रोकथाम लगाने के उद्देश्य से सूबे की नायब सैनी सरकार (Nayab Saini Govt) ने बड़ा कदम उठाया है. कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने बताया कि अब फसलों के बीज के थैलों पर बार कोड टैग लगाया जाएगा. जिसे स्कैन करने पर बीज के निर्माता से लेकर वजन, किस्म (प्रजाति) आदि के बारे में पूरी जानकारी हासिल कर सकते हैं.
इससे नकली बीज पर काफी हद तक अंकुश लगाने में सफलता मिलेगी. उन्होंने बताया कि विभाग की हाईपावर पर्चेज कमेटी में इस ‘बार कोड टैग’ की खरीद के लिए एक कंपनी को टेंडर देने की स्वीकृति प्रदान की गई है.
बैग पर सिलना होगा टैग
कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने बताया कि हरियाणा राज्य बीज प्रमाणीकरण एजेंसी की तरफ से पंजीकृत बीज उत्पादकों को उनके प्रमाणित बीज के आगे बेचने के लिए अपनी सेवाएं प्रदान की जाती हैं. यह बीज भारत सरकार द्वारा जारी दिशा- निर्देशों के तहत उत्पादित किया जाता है. पूरी प्रक्रिया से गुजरने के बाद उत्पादित बीज को बिक्री के लिए पैक किया जाता है.
इस बीज को पैक करते समय उक्त एजेंसी द्वारा जारी एक टैग को बैग पर सिलना होता है. टैग पर बीज से संबंधित पूरी जानकारी दर्ज की जाती है. उन्होंने बताया कि अभी तक इन टैग को प्रिंट किया जा रहा है. जानकारी को मैन्युअल रूप से दर्ज किया जा रहा है और बीज बैग के साथ सिला जा रहा है.
राज्य की एजेंसी देगी कोड
श्याम सिंह राणा ने बताया कि हाल ही में भारत सरकार ने केंद्रीकृत साथी (बीज प्रमाणीकरण, पता लगाने की क्षमता और समग्र सूची) पोर्टल शुरू किया है, जिसमें बीज प्रमाणीकरण की पूरी प्रक्रिया को ऑनलाइन स्वचालित किया गया है.
हरियाणा सरकार ने इस दिशा में कदम उठाते हुए पारंपरिक टैग को ऑनलाइन बारकोड टैग से बदला जाना है, जिसमें “साथी” पोर्टल के माध्यम से टैग पर पूरी जानकारी दर्ज की जाएगी. इस टैग पर दिए गए बारकोड में बैग में मौजूद बीज की पूरी जानकारी होगी. हरियाणा राज्य बीज प्रमाणीकरण एजेंसी की तरफ से बीज उत्पादकों को ये टैग उपलब्ध करवाए जाएंगे.
सजा और जुर्माना का प्रावधान
उन्होंने बताया कि नकली बीज की बिक्री पर रोकथाम लगाने के लिए सरकार ने सख्त कानून बनाया है, जिसमें दोषी पाए जाने वाले बीज निर्माताओं और विक्रेताओं के खिलाफ जुर्माना और सजा दोनों का प्रावधान किया गया है.