Lucknow : उत्तर प्रदेश आम महोत्सव 2025 का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया शुभारंभ

0


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अवध शिल्प ग्राम, अवध विहार योजना, सेक्टर-9 में तीन दिवसीय उत्तर प्रदेश आम महोत्सव 2025 का उद्घाटन किया। इस महोत्सव में देशभर से लाए गए 800 से अधिक किस्मों के आमों की प्रदर्शनी आयोजित की गई, जिसने सभी का ध्यान आकर्षित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे बागवानों ने जलवायु परिवर्तन और ग्लोबल वार्मिंग जैसी चुनौतियों के बावजूद आधुनिक तकनीक का उपयोग कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।

योगी ने बताया कि यह महोत्सव किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ प्रधानमंत्री मोदी के आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के विजन को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने लखनऊ, अमरोहा, सहारनपुर और वाराणसी में स्थापित चार आधुनिक पैक हाउसों का उल्लेख किया, जहां किसानों को गुणवत्ता और निर्यात मानकों की जानकारी प्रदान की जाती है।

उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार की नीतियों से औद्यानिक फसलों के निर्यात में कई गुना वृद्धि हुई है। महोत्सव के दौरान दो देशों के लिए आमों की एयर कार्गो खेप रवाना की गई, जिसमें सब्सिडी से किसानों को बेहतर कीमत मिली। मुख्यमंत्री ने लखनऊ की दशहरी, वाराणसी के लंगड़ा, गोरखपुर के गवर्जीत, बस्ती के आम्रपाली और मेरठ के रटोल जैसी प्रमुख किस्मों का निरीक्षण कर बागवानों की मेहनत की सराहना की।योगी ने कहा कि जहां पहले किसानों को एक या दो फसलें मिल पाती थीं, अब नहर परियोजनाओं के कारण वे तीन फसलें कमा रहे हैं। उन्होंने बुंदेलखंड और पूर्वी यूपी में सिंचाई के लिए हुए विकास परियोजनाओं का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कृषि विज्ञान केंद्रों और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के माध्यम से किसानों को नई तकनीक और बेहतर बीज उपलब्ध कराने का भी जिक्र किया।

उन्होंने 9 जुलाई को आयोजित ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का भी उल्लेख करते हुए बताया कि इस बार 50 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे, जो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम है।महोत्सव के दौरान संगोष्ठियां, बायर्स-सेलर्स मीट और प्रगतिशील किसानों के अनुभव साझा करने के कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। मुख्यमंत्री ने सुझाव दिया कि ऐसे आयोजन कमिश्नरी स्तर पर भी आयोजित हों, जिससे स्थानीय बागवान अपनी फसलों का प्रदर्शन और बिक्री कर सकें। उन्होंने हल्दी, अदरक और अन्य औद्यानिक फसलों के साथ फूड प्रोसेसिंग अपनाने पर भी जोर दिया।समापन समारोह में मुख्यमंत्री ने प्रगतिशील बागवानों और निर्यातकों को प्रशस्ति पत्र और पौधा देकर सम्मानित किया तथा महोत्सव की स्मारिका का विमोचन किया। इस अवसर पर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद थे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.