नौकरीपेशा लोगों के लिए बड़ी राहत, EPFO ने करोड़ों खातों में ट्रांसफर की ब्याज राशि; ऐसे करें चेक
नई दिल्ली | अगर आप भी नौकरीपेशा हैं, तो आपके लिए बड़ी खुशखबरी है. कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने वित्त वर्ष 2024 के लिए घोषित 8.25% ब्याज दर को लगभग सभी खातों में जमा कर दिया है. केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मंडाविया ने जानकारी दी कि सरकार ने जून महीने में ही वर्ष 2023- 24 का ब्याज 97% खाताधारकों को ट्रांसफर कर दिया है. वित्त मंत्रालय द्वारा अधिसूचना जारी होने के 2 महीने के भीतर ही साल 2024- 25 के लिए ब्याज खातों में पहुंच गया है.
32.39 करोड़ खातों में हुआ ट्रांसफर
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, इस बार 33.56 करोड़ खातों वाले 13.8 लाख प्रतिष्ठानों के लिए वार्षिक खाता अपडेट किया जाना था. 8 जुलाई तक 13.86 लाख प्रतिष्ठानों के 32.39 करोड़ खातों में ब्याज जमा किया जा चुका है. सूत्रों के मुताबिक, शेष 3% खातों में भी इस सप्ताह के भीतर ब्याज भेज दिया जाएगा. पहले जहां यह प्रक्रिया अगस्त से दिसंबर तक चलती थी, वहीं इस बार रिकॉर्ड समय में ब्याज ट्रांसफर किया गया है.
घर बैठे ऐसे चेक करें पीएफ बैलेंस
आप अपने पीएफ बैलेंस की जानकारी घर बैठे आसानी से प्राप्त कर सकते हैं. इसके लिए आपको अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से 011- 22901406 पर मिस कॉल देना होगा. कुछ ही सेकंड में आपके फोन पर पीएफ बैलेंस की जानकारी मैसेज के रूप में आ जाएगी. इसके अलावा, उमंग एप को डाउनलोड करके भी आप अपने पीएफ खाते की डिटेल्स देख सकते हैं.