वाराणसी। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग और मान्यवर कांशीराम पर्यटन प्रबंधन संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में नाविक बंधुओं के लिए एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन मंगलवार को संत रविदास मंदिर सभागार, राजघाट में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, विशिष्ट अतिथि वंदिता श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), दिनेश कुमार, संयुक्त निदेशक (पर्यटन), और डॉ. शिवाकांत द्विवेदी ने मां सरस्वती एवं पूज्य निषाद राज गुहया जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर और दीप प्रज्वलन के साथ किया।

मुख्य अतिथि डॉ. नीलकंठ तिवारी ने नाविक बंधुओं के हित में केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा किए गए कार्यों की सराहना की। उन्होंने नाविकों को निःशुल्क मेडिकल कैंप और बैंक खाता खोलने के लिए प्रेरित किया, ताकि उनके ट्रांजैक्शन सुगम हो सकें। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण नाविकों को काशी के इतिहास, पर्यटन स्थलों, आपातकालीन चिकित्सा और सुरक्षा उपायों की जानकारी प्रदान करेगा, जिससे वे नाविक के साथ-साथ एक कुशल गाइड की भूमिका भी निभा सकें।
वंदिता श्रीवास्तव ने नाविक बंधुओं को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और आवश्यक किट (लाइफ जैकेट/लाइफब्वाय) वितरण की जानकारी दी। उन्होंने सभी नाविकों से पंजीकरण कराने का अनुरोध किया। श्री दिनेश कुमार ने बताया कि यह प्रशिक्षण कई दिनों तक चलेगा, जिसमें नाविकों को व्यवहारिक ज्ञान, काशी के पर्यटन स्थलों की जानकारी, और आपातकालीन परिस्थितियों में कार्य करने की प्रक्रिया सिखाई जाएगी। इससे पर्यटकों को सुरक्षित और सुखद यात्रा अनुभव प्राप्त होगा।
कार्यक्रम में अतिथियों का पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र, और स्मृति चिह्न से स्वागत किया गया। इस अवसर पर प्रखर तिवारी, प्रवक्ता, मान्यवर कांशीराम पर्यटन संस्थान, गौरव श्रीवास्तव, स्थानीय पार्षद लकी भारद्वाज, नाविक एसोसिएशन से प्रदीप साहनी, दुर्गा मांझी, और अन्य नाविक बंधु उपस्थित रहे।