सोनीपत में कलेक्टर रेट बढ़ने की आशंका से जमीन खरीदारों में मची होड़, रजिस्ट्री करवाने वालों की उमड़ी भीड़

0

सोनीपत | हरियाणा के सोनीपत जिले में कलेक्टर रेट बढ़ाने की आशंका से जमीन खरीदने के इच्छुक लोगों के बीच खलबली पैदा हो गई है. दरअसल, ऐसी चर्चा चल रही है कि 1 अगस्त से नए कलेक्टर रेट लागू हो सकते हैं. इसी कारण लोग 31 जुलाई से पहले अपनी जमीन की रजिस्ट्री करवाना चाह रहे हैं. इसी क्रम में तहसील कार्यालय में शुक्रवार को रजिस्ट्री करवाने वालों की भारी तादाद देखने को मिली है क्योंकि 31 जुलाई तक रजिस्ट्री करवा लेने वालों को पुराने रेट के हिसाब से ही शुल्क देना होगा.

रजिस्ट्री करवाने की होड़

हाल ही के समय में सोनीपत, गन्नौर, गोहाना, खरखौदा, खानपुर और राई उपतहसील में रजिस्ट्री करवाने वाले सक्रिय हो गए हैं. खास तौर पर जिन्होंने जमीन को लेकर कोई सौदा तय किया है, वे 31 जुलाई तक जमीन की रजिस्ट्री करवा लेना चाहते हैं, ताकि उन्हें 31 जुलाई के बाद लगने वाली नई दरों को ना चुकाना पड़े. ऐसी संभावनाएं जताई जा रही हैं कि मारुति सुजुकी प्लांट की स्थापना के बाद खरखौदा क्षेत्र में जमीन के रेट में बड़ा उछाल दर्ज किया जा सकता है. इसलिए यहां जमीन की मांग में जबरदस्त इजाफा देखने को मिल रहा है.

दामों में जबरदस्त उछाल

खेतों की जमीन के भाव अब 10 से 12 करोड़ रुपए प्रति एकड़ तक हो चुके हैं. अब से पहले यह कीमत 50 लाख रुपए प्रति एकड़ थी. इनमें खास तौर पर उन इलाकों पर ज्यादा प्रभाव पड़ा है, जो आईएमटी के 20 किलोमीटर के दायरे में आते हैं. यहां के दाम आसमान छू रहे हैं. उद्योगपतियों के अलावा आम निवेशक भी यहां जमीन खरीदने की रुचि दिखा रहे हैं. ऐसे में रजिस्ट्री की संख्या में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है. लोग यह मानकर चल रहे हैं कि 1 अगस्त से कलेक्टर रेट में इजाफा होगा, तो रजिस्ट्री के रेटों पर भी फर्क पड़ेगा.

Leave A Reply

Your email address will not be published.