वाराणसी में कांवड़ियों के लिए निःशुल्क जल सेवा अभियान, “नई सुबह” संस्था की पहल
वाराणसी। सावन मास में बाबा विश्वनाथ के दर्शन हेतु देशभर से उमड़े श्रद्धालुओं और कांवड़ियों के लिए “नई सुबह एक उम्मीद” सामाजिक संस्था ने निःशुल्क जल वितरण अभियान चलाया। संस्था की ओर से यह सेवा बाबा दरबार की लंबी कतारों में खड़े दर्शनार्थियों को गर्मी से राहत पहुंचाने के उद्देश्य से शुरू की गई।

इस अभियान का नेतृत्व संस्था की अध्यक्ष ममता ने किया। उन्होंने बताया कि सावन मास शिवभक्तों के लिए अत्यंत पावन और पूजनमय समय होता है। इस दौरान लाखों श्रद्धालु कांवड़ यात्रा करते हैं, गंगा जल लेकर भगवान शिव को अर्पित करते हैं, और बाबा विश्वनाथ मंदिर में दर्शन हेतु वाराणसी पहुंचते हैं। ऐसे में, दर्शन के दौरान लगने वाली भीड़ और गर्मी को देखते हुए संस्था द्वारा जल सेवा का निर्णय लिया गया।
ममता ने कहा कि श्रावण मास का मेला न केवल धार्मिक महत्व रखता है बल्कि यह सामाजिक और सांस्कृतिक एकता का भी प्रतीक है। जल सेवा जैसे छोटे-से कार्य के माध्यम से संस्था समाज को यह संदेश देना चाहती है कि मानवता की सेवा ही सच्चा धर्म है।
निःशुल्क जल वितरण कार्यक्रम में संस्था की टीम ने पूरी श्रद्धा और सेवाभाव के साथ हिस्सा लिया। इस पुनीत कार्य में समाजसेवी विजय कुमार, मोहम्मद अनीस, सुमित बिंद, मंगलेश्वर प्रसाद, रामबाबू गुप्ता, करम भारती, सूरज पाल, रवि कुमार, राजश्री साहनी, कुसुम लता सिंह एवं शबाना परवीन ने अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई।