वाराणसी : श्री श्री गीता सोसाइटी ने बाढ़ पीड़ितों में बांटी राहत सामग्री, खाद्यान्न, पीने का साफ पानी और घरेलू सामान बांटा
वाराणसी। जिले के टिकरी और रमना क्षेत्रों में हाल ही में आई बाढ़ ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। ऐसे में श्री श्री गीता सोसाइटी, वाराणसी ने मानव सेवा की अपनी परंपरा को निभाते हुए आगे कदम बढ़ाया। संस्था के अध्यक्ष स्वामी त्रिगुनातीतानंद पुरी महाराज के पावन सान्निध्य में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में 250 राहत सामग्री पैकेट वितरित किए गए।
बाढ़ प्रभावित कई गांवों में घरों में पानी भर जाने से लोगों का आवागमन ठप हो गया है। दैनिक जीवन की मूलभूत आवश्यकताएं पूरी करना भी कठिन हो गया है। कई परिवार बेघर हो गए हैं और भोजन, पानी एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं की भारी कमी का सामना कर रहे हैं।

ऐसे कठिन समय में श्री श्री गीता सोसाइटी बाढ़ पीड़ितों की मदद को आगे आई है। राहत पैकेट में खाद्यान्न, पीने का साफ पानी, उपयोगी घरेलू सामान और अन्य जीवनोपयोगी सामग्री शामिल थी, ताकि पीड़ित परिवारों को तत्काल राहत मिल सके। वितरण कार्य पूर्णतः निःस्वार्थ भाव से किया गया, जिसमें समाज के प्रति गहरी संवेदना और उत्तरदायित्व झलकता है।
राहत सामग्री पाकर बाढ़ पीड़ितों के चेहरों पर आशा और राहत की चमक लौट आई। उन्होंने संस्था के इस मानवीय प्रयास के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि ऐसे समय में इस प्रकार की सहायता से हिम्मत और संबल मिलता है।