वाराणसी : पुलिस कमिश्नर ने आरटीसी में रिक्रूट आरक्षियों से किया संवाद, प्रशिक्षण को सेवा का मजबूत आधार बनाने पर दिया जोर


वाराणसी। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन स्थित आरटीसी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 501 महिला रिक्रूट आरक्षियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण से जुड़े फीडबैक लिए और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशिक्षण को सेवा का मजबूत आधार बनाने पर जोर दिया। 

पुलिस कमिश्नर ने बताया कि रिक्रूट ट्रेनिंग कोर्स राष्ट्रीय पुलिस अकादमी, हैदराबाद की तर्ज पर संचालित किया जा रहा है, जिससे प्रशिक्षणार्थियों को तकनीकी चुनौतियों से निपटने के लिए तैयार किया जा सके। उन्होंने फॉरेंसिक ज्ञान के मूल्यांकन के तहत प्रशिक्षणार्थियों से प्रश्न पूछकर उनकी योग्यता का परीक्षण किया। उदाहरण स्वरूप, किसी शव के पानी में मिलने पर डूबने से मृत्यु हुई या नहीं, इसका वैज्ञानिक परीक्षण कैसे किया जाए, और फांसी के मामलों में आत्महत्या व हत्या के बीच अंतर के तरीकों पर विस्तृत जानकारी दी गई।

नले

उन्होंने कहा कि आरक्षियों को कानून के साथ-साथ साइबर, फॉरेंसिक और तकनीकी जानकारी भी आवश्यक है। इसी के तहत सभी को “CyTrain” का प्रशिक्षण दिलाने की योजना है, ताकि उन्हें साइबर अपराध की चुनौतियों का सामना करने के लिए विशेषज्ञ बनाया जा सके। पुलिस आयुक्त ने इनडोर और आउटडोर कक्षाओं की गुणवत्ता का अवलोकन किया और सुविधाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। साथ ही ‘कमांड कंट्रोल’ और ‘चेन ऑफ कमांड’ की अवधारणा को आत्मसात कर कार्य व्यवहार में लाने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी की पहचान उसे आम नागरिकों से अलग बनाती है, जिससे अधिकारों के साथ कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का महत्व कई गुना बढ़ जाता है। प्रशिक्षण के दौरान स्वयं को शारीरिक और मानसिक रूप से इतना सक्षम बनाना जरूरी है कि किसी भी परिस्थिति में ड्यूटी पूरी दक्षता, साहस और निष्ठा से निभाई जा सके।

नले

पुलिस कमिश्नर ने अनुशासन, उत्तम आचरण, सौम्य व्यवहार, कर्तव्यपरायणता, सेवा-भावना और संवैधानिक मूल्यों के पालन को अपने आचरण का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया। इस मौके पर पुलिस उपायुक्त (लाइसेंस) प्रवोध कुमार, अपर पुलिस उपायुक्त (लाइसेंस) वैभव बांगर, अपर पुलिस उपायुक्त (महिला अपराध) नम्रता श्रीवास्तव, सहायक पुलिस आयुक्त (लाइसेंस) ईशान सोनी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।








Leave a Comment