बरेका के टैगोर पार्क में मेगा श्रमदान, स्वच्छता और हरित पर्यावरण का संदेश
वाराणसी। रेल मंत्रालय के दिशा-निर्देश और स्वच्छता अभियान-2025 के अंतर्गत सोमवार को बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) स्थित टैगोर पार्क में एक भव्य मेगा स्वच्छता श्रमदान का आयोजन किया गया। इस अभियान का नेतृत्व बरेका महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने किया।
इस विशेष कार्यक्रम का उद्देश्य केवल पार्क और आसपास के क्षेत्रों की गहन सफाई करना ही नहीं था, बल्कि अधिकारियों, कर्मचारियों, उनके परिवारजनों और आमजन में स्वच्छता के प्रति जागरुकता और सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करना भी था। अभियान के तहत टैगोर पार्क और सरोवर की गहन सफाई, कचरे के वैज्ञानिक निपटान की व्यवस्था, जल निकासी प्रणाली में सुधार और दीवारों की सफाई और जमी सिल्ट निकाला गया। इसके साथ ही, पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए महाप्रबंधक ने पौधारोपण किया और सभी को स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण के लिए सामूहिक प्रयास का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि बरेका का लक्ष्य केवल कार्यस्थल की सफाई करना नहीं है, बल्कि पूरे समाज के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत करना है। स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत का सपना तभी साकार होगा जब हर नागरिक इसमें अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेगा। स्वच्छता कार्यक्रम को सफल बनाने में संरक्षा विभाग और सिविल विभाग के अधिकारियों तथा कर्मचारियों ने विशेष योगदान दिया। इस मेगा श्रमदान ने न केवल बरेका परिसर को स्वच्छ और सुंदर बनाया, बल्कि सभी को यह संदेश भी दिया कि सामूहिक प्रयास से ही स्वच्छता और हरित भविष्य का निर्माण संभव है।

कार्यक्रम में प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर सुशील कुमार श्रीवास्तव, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक आलोक अग्रवाल, प्रधान वित्त सलाहकार मुक्तेश मित्तल, प्रमुख मुख्य इंजीनियर विनोद कुमार शुक्ल, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी जनार्दन सिंह, प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश कुमार, महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त डीके मौर्य, मुख्य सतर्कता अधिकारी अंकुर चंद्रा, मुख्य संरक्षा अधिकारी रामजन्म चौबे और उप महाप्रबंधक अनुज कटियार शामिल रहे। इसके अलावा, संयुक्त सचिव कर्मचारी परिषद श्रीकांत यादव, सदस्य कर्मचारी परिषद अमित कुमार, नवीन सिन्हा, श्री मनीष कुमार सिंह, सिविल डिफेंस, स्काउट-गाइड, सेंट जॉन्स एंबुलेंस टीम और रेल सुरक्षा बल (RPF) के जवानों के साथ-साथ बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने श्रमदान में उत्साहपूर्वक भाग लिया।