वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ धाम को सोमवार से पूर्णतः प्लास्टिक मुक्त परिसर घोषित किया गया है। इस महत्वपूर्ण कदम के तहत, मंदिर न्यास ने धाम परिसर में किसी भी प्रकार के प्लास्टिक सामग्री, जैसे प्लास्टिक की टोकरी, लोटा आदि, के साथ प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है।
मंदिर न्यास के अधिकारियों, मुख्य कार्यपालक अधिकारी, डिप्टी कलेक्टर, विशेष कार्याधिकारी और अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में गेट नंबर 4 से ढुण्ढिराज एवं माता विशालाक्षी मंदिर क्षेत्र के सभी पुष्प-माला विक्रेताओं को “प्लास्टिक मुक्त धाम” अभियान के बारे में पुनः जागरूक किया गया। मंदिर न्यास पिछले एक माह से इस अभियान को निरंतर चला रहा है, जिसके तहत पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए कई कदम उठाए गए हैं।

7 अगस्त को इस पहल के अंतर्गत मंदिर न्यास, विधायक नीलकंठ तिवारी, क्षेत्रीय पार्षद कनकलता तिवारी और अन्य सभासदों ने मिलकर मंदिर परिसर के दुकानदारों को पारंपरिक और पर्यावरण अनुकूल सामग्रियों, जैसे बांस की टोकरियाँ और स्टील के लोटे, के उपयोग के लिए प्रेरित किया था। इस अवसर पर दुकानदारों को ये सामग्रियां भी वितरित की गई थीं।
इसके अतिरिक्त, 12 जुलाई को “प्लास्टिक मुक्त धाम” अभियान के तहत एक व्यापक जन-जागरुकता कार्यक्रम शुरू किया गया था। इस दौरान नगर निगम, वाराणसी द्वारा श्रावण मास के अवसर पर आयोजित “प्लास्टिक मुक्त अभियान” यात्रा का श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने गेट नंबर 4 पर स्वागत किया था। इस यात्रा का नेतृत्व महापौर अशोक तिवारी और नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने किया था, जिसमें कांवड़ यात्रा मार्ग को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त रखने का संकल्प लिया गया था। मंदिर अधिकारियों ने भी गेट नंबर 4 से मैदागिन तक इस यात्रा में हिस्सा लिया था।
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास धाम परिसर को स्वच्छ, सुरक्षित और प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। न्यास ने सभी श्रद्धालुओं, विक्रेताओं और काशीवासियों से अपील की है कि वे इस अभियान में सहयोग करें और धाम को पर्यावरण अनुकूल और स्वच्छ रखने में अपना योगदान दें।