वाराणसी: जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार की अध्यक्षता में आज सदर तहसील में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि जनसामान्य की शिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण तथा फरियादियों की संतुष्टि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने राजस्व और अन्य विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों का मौके पर जाकर निष्पक्ष, समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने भूमि विवाद और अतिक्रमण से संबंधित शिकायतों पर राजस्व निरीक्षक, लेखपाल और पुलिस कर्मियों को स्थलीय निरीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कुल 96 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 4 का मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि शेष को संबंधित अधिकारियों को सौंपकर एक सप्ताह में निस्तारण करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने लंबित प्रकरणों में देरी के कारणों का उल्लेख करने और सभी शिकायतों को एक सप्ताह में अनिवार्य रूप से निपटाने का आदेश दिया।