वाराणसी से गूंजा आर्थिक स्वतंत्रता का संदेश, समीर मोदी ने आत्मनिर्भर भारत पर की चर्चा
वाराणसी। प्रसिद्ध उद्योगपति और मोदी इंडस्ट्रीज के डायरेक्टर समीर मोदी बरेका पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत हुआ। बरेका सिनेमा हॉल में आयोजित विशेष कार्यक्रम में उन्होंने “स्वतंत्रता के सही मायने” विषय पर अपने विचार रखे। कहा कि “1947 में हमने राजनीतिक स्वतंत्रता प्राप्त की थी, लेकिन असली आज़ादी तभी पूरी होगी जब हर भारतीय आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर होगा। आर्थिक स्वतंत्रता हमारी दूसरी आज़ादी की जंग है।”
कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह से संवाद करते हुए समीर मोदी ने कहा कि आर्थिक सशक्तिकरण ही राष्ट्र निर्माण की नींव है। उन्होंने इस अभियान को नई दिशा देने में वाराणसी के शीर्षस्थ समाजसेवी और नेतृत्वकर्ता विंध्यवासिनी पाण्डेय एवं उनकी टीम की सराहना की। उन्होंने कहा – “विंध्यवासिनी पाण्डेय और उनकी टीम इस आर्थिक स्वतंत्रता आंदोलन के सच्चे सेनानी हैं। उनकी निष्ठा और नेतृत्व ही इस क्रांति को घर-घर तक पहुंचाएगा।”
कार्यक्रम के दौरान पूरे हॉल में गगनभेदी नारों से माहौल गूंज उठा। उपस्थित जनसमूह ने देशभक्ति और आत्मनिर्भरता का जोश पूरे वातावरण में भर दिया। इस मौके पर विंध्यवासिनी पाण्डेय ने कहा – “समीर मोदी का यह विज़न केवल एक विचार नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों के जीवन को बदलने का संकल्प है। वाराणसी से जली यह मशाल अब पूरे देश को रोशन करेगी।”
समीर मोदी के आगमन को ऐतिहासिक बनाने के लिए वाराणसी में एक विशाल तिरंगा यात्रा भी निकाली गई। यह यात्रा शहर के प्रमुख बाईपास मार्गों से होकर गुज़री और बाईपास पर पहुंचकर सम्पन्न हुई। हजारों लोगों ने हाथों में तिरंगा लहराते हुए “आर्थिक आज़ादी – भारत की नई पहचान” के नारे लगाए। यात्रा में युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों की बड़ी संख्या में भागीदारी रही।