बरेका में खेल दिवस के उपलक्ष्य में रोमांचक फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ

0


वाराणसी। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) फुटबॉल नर्सरी के तत्वावधान में आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ आज उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। उद्घाटन मैच में बरेका फुटबॉल नर्सरी और पहाड़ी गांव बालिका टीम के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिला।

दर्शकों से खचाखच भरे मैदान में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। मैच का निर्णायक क्षण तब आया जब नर्सरी की खिलाड़ी नैंसी ने बेहतरीन पास दिया, जिसे अंशिका ने गोल में तब्दील कर अपनी टीम को 1-0 से जीत दिलाई। खुशी, स्वाती और श्रृष्टि ने भी अपने उत्कृष्ट खेल कौशल से दर्शकों का दिल जीत लिया और खूब तालियाँ बटोरीं।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बरेका के जन संपर्क अधिकारी  राजेश कुमार रहे। इस अवसर पर राष्ट्रीय खिलाड़ी श्रीमती वंदना सिंह, खेल कूद आयाम प्रमुख श्री विनोद सिंह, कोच भैरव दत्त, बरेका प्रशिक्षक पंकज पांडेय, खेल शिक्षक नरेश यादव, विनय पाण्डेय, डॉ. खुशबू अग्रहरि सहित अनेक खेल प्रेमी उपस्थित रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

बरेका में खेल दिवस के उपलक्ष्य में रोमांचक फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ

मुख्य अतिथि राजेश कुमार ने खिलाड़ियों की हौसला-अफजाई करते हुए कहा, “खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं है, बल्कि यह जीवन में अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास का संचार करता है। बरेका फुटबॉल नर्सरी बालिकाओं की प्रतिभा को निखारने का एक उत्तम मंच साबित हो रही है।”यह प्रतियोगिता न केवल खेल दिवस के महत्व को रेखांकित करती है, बल्कि उभरती हुई बालिका खिलाड़ियों की प्रतिभा ने सभी को प्रभावित किया। यह आयोजन खेल के प्रति जागरूकता और युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने में महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।








Leave A Reply

Your email address will not be published.