वाराणसी: चितईपुर थाना के सामने सड़क पर जलभराव, गड्ढों से आवागमन में मुश्किलें बढ़ीं
वाराणसी। चितईपुर थाना के ठीक सामने मेन रोड पर हुई थोड़ी-सी बारिश ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। शुक्रवार को हुई बरसात के बाद सड़क पर जगह-जगह पानी भर गया। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों में पानी भर गया। इससे स्थानीय लोगों, राहगीरों और स्कूल जाने वाले बच्चों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि यह समस्या नई नहीं है। इससे पहले भी बारिश के दौरान सड़क पर पानी भर गया था, जिससे सड़क क्षतिग्रस्त हो गई थी। उस समय लोक निर्माण विभाग (PWD) ने अस्थायी रूप से मिट्टी और गिट्टी डालकर मरम्मत का काम किया था। लेकिन जैसे ही दोबारा बारिश हुई, सड़क पर डाली गई मिट्टी और गिट्टी बह गई, जिससे गड्ढे और गहरे हो गए। अब राहगीरों को पानी और कीचड़ से होकर गुजरना पड़ रहा है।

इस मार्ग से थाना और स्कूल जाने वाले लोगों की स्थिति और भी खराब है। स्कूली बच्चों को रोजाना पानी से भरी सड़क से होकर गुजरना पड़ता है। बड़े वाहन जब इस रास्ते से निकलते हैं तो उनके पहियों से पानी उछलकर बच्चों और राहगीरों के ऊपर गिरता है, जिससे उनके कपड़े गंदे हो जाते हैं। इससे अभिभावकों और छात्रों दोनों में नाराजगी है।
स्थानीय लोग अवध नारायण, राम किशोर, शंभू और पिंटू ने बताया कि इस सड़क पर नाली (ड्रेन) का निर्माण नहीं हुआ है। इसी कारण बरसात का पानी सीधे सड़क पर भर जाता है। उन्होंने कहा कि अगर नाली की व्यवस्था की गई होती तो पानी आसानी से निकल जाता और सड़क खराब नहीं होती। लोगों ने प्रशासन से इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है। उनका कहना है कि हर बार मिट्टी और गिट्टी डालकर मरम्मत करने से समस्या हल नहीं होगी। यहां पक्की सड़क और उचित नाली व्यवस्था जरूरी है। फिलहाल लोग मजबूरी में गड्ढों और पानी के बीच से होकर गुजर रहे हैं और यह स्थिति किसी भी दिन बड़ा हादसा कर सकती है।