वाराणसी। सूदखोरों की दबाव और प्रताड़ना से परेशान होकर एयरपोर्ट अथॉरिटी में स्थायी सफाईकर्मी के पद पर कार्यरत मनोज कुमार ने मंगलवार दोपहर करीब एक बजे जहरीला पदार्थ खा लिया। उनकी हालत नाजुक बनी हुई है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वीडियो बनाकर भेजा मित्र को
जानकारी के अनुसार, जहर खाने से पहले मनोज ने एक वीडियो बनाकर अपने एक करीबी मित्र को व्हाट्सएप पर भेजा। वीडियो देखने के बाद मित्र ने तत्काल परिजनों को सूचित किया। इसके बाद परिजन और परिचितों ने खोजबीन शुरू की।
मंदिर से मिला बेहोश
कुछ घंटों की तलाश के बाद मनोज एक मंदिर के परिसर में बेहोशी की हालत में मिले। आनन-फानन में परिजनों और परिचितों ने उन्हें अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताई है।
परिवार ने लगाया सूदखोरों पर आरोप
मनोज के परिवार ने आरोप लगाया है कि लंबे समय से सूदखोर उन्हें प्रताड़ित कर रहे थे और इसी दबाव में उन्होंने यह कदम उठाया। परिवार का कहना है कि सूदखोर लगातार अधिक ब्याज की मांग कर रहे थे और धमकियाँ भी दे रहे थे।
पुलिस को दी गई जानकारी
घटना की जानकारी पुलिस को दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोग भी प्रशासन से कार्रवाई की माँग कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जाँच में जुटी हुई है।