वाराणसी : गड्ढों से भरी सड़क पर आवागमन दूभर, सपा कार्यकर्ताओं ने गड्ढे में बैठकर किया प्रदर्शन
वाराणसी। पहाड़ी-नकाईन मार्ग की बदहाल हालत को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को मुसरा में अनोखा प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता सड़क पर बने गहरे गड्ढों में बैठकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान शासन-प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। चेताया कि यदि जल्द सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
सपा नेता अरुण यादव ने बताया कि यह मार्ग लंबे समय से जर्जर है। रोजाना हजारों लोग इसी सड़क से आवागमन करते हैं, लेकिन गड्ढों की वजह से लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। उन्होंने कहा कि स्कूली बच्चे अक्सर सड़क पर गिर जाते हैं और कभी-कभी गाड़ियाँ गड्ढों में फंसकर लंबा जाम लगा देती हैं।
स्थानीय लोगों ने भी नाराजगी जताते हुए कहा कि सड़क मरम्मत की शिकायत कई बार अधिकारियों तक पहुंचाई गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में समस्या और ज्यादा विकराल हो गई है।
विरोध प्रदर्शन में वंदना सिंह, राजू यादव, अनुपम कुमार, नितिन पांडेय और अमन यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे। लोगों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द सड़क की मरम्मत नहीं की गई, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।