वाराणसी : कर्ज में डूबे सफाईकर्मी ने की खुदकुशी, परिवार में मचा कोहराम
वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र के कांशीराम आवास कॉलोनी में शनिवार सुबह सफाईकर्मी ने कर्ज के दबाव में फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कांशीराम आवास निवासी सुरेश जायसवाल (55 वर्ष) सफाईकर्मी के पद नौकरी करते थे। सुरेश की बेटी सरस्वती ने पुलिस को बताया कि उनके पिता पर करीब 10 लाख रुपये का कर्ज था। आए दिन कर्ज वसूली करने वाले लोग घर आकर धमकाते थे और पैसों की मांग करते थे। लगातार दबाव और परेशानियों के चलते पिता मानसिक रूप से टूट चुके थे। इसी कारण उन्होंने यह कदम उठाया।
परिजनों के अनुसार, सुरेश के परिवार में पत्नी कमल और बेटी सरस्वती है। घटना के बाद दोनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इंस्पेक्टर शिवपुर जगदीश कुशवाहा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और मामले की गहन छानबीन जारी है।