हाइवे पर ट्रक-कार टक्कर के बाद चालक-खलासी को ले गए गोरखपुर, मारपीट का आरोप, पैसे लेने के बाद छोड़ा
वाराणसी। राजातालाब थाना क्षेत्र के हाइवे पर मंगलवार को एक ट्रक ने अर्टिगा में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार सवारों ने ट्रक का पीछा कर रोहनिया थाना क्षेत्र के मोहनसराय हाइवे पर उसे ओवरटेक किया और ट्रक चालक वकील यादव व खलासी रंजीत कुमार को रोक लिया। आरोप है कि चालक और खलासी के साथ मारपीट की। वहीं ट्रक चालक और खलासी को गोरखपुर ले गए। पैसे लेने के बाद चालक और खलासी को छोड़ा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हाईवे पर ट्रक ने कार में टक्कर मार दी। इसके बाद कार सवारों ने ओवरटेक कर ट्रक चालक को रोका। कार सवारों ने टक्कर के चलते क्षतिग्रस्त कार की क्षतिपूर्ति मांगी। पैसा न देने पर चालक व खलासी के साथ मारपीट कर उन्हें कार में बैठा कर गोरखपुर ले गए। वहां लेन-देन के बाद दोनों को छोड़ दिया, जबकि ट्रक मोहनसराय हाइवे पर ही खड़ा रहा।
इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी ट्रक चालक ने ट्रक मालिक को दी। बाद में चालक, खलासी और ट्रक मालिक ने रोहनिया थाने पर लिखित तहरीर देकर अर्टिगा कार सवारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस मामले में रोहनिया थाना प्रभारी राजू सिंह ने बताया कि जांच में “बंधक बनाने” जैसी कोई बात सामने नहीं आई है। चालक व खलासी अपनी मर्जी से कार में बैठे थे और वहीं लेन-देन हुआ। बाद में दोनों को सुरक्षित उतार दिया गया। कार सवारों से बातचीत में उन्होंने पैसा वापस कर दिया है। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।