Ballia Double Murder: बलिया में एक ही घर में मिले दो शव, फंदे पर लटक था युवक तो वहीं बक्से में मिली किन्नर रेखा की लाश

0


Ballia Double Murder: उत्तर प्रदेश के बलिया से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक ही घर से दो लोगों के शव बरामद हुए हैं। इन दोनों शवों में से एक लाश रवि गुप्ता की है, जबकि दूसरा शव तीन दिन से लापता किन्नर रेखा का है। पुलिस के मुताबिक, रवि का शव फंदे से लटका था, जबकि रेखा का शव घर की चौथी मंजिल पर बक्से में मिला। बुधवार रात भोजन के बाद रवि तीसरी मंजिल पर सोने चला गया। गुरुवार की सुबह उसकी पत्नी उसे जगाने पहुंची, तो कमरे का दरवाजा खुला था और रवि रस्सी के सहारे फंदे से लटका हुआ था। पत्नी ने स्वजन और पुलिस को सूचना दी।

किन्नर रेखा का शव पॉलीथिन में लिपटा मिला

सूचना पर पहुंची पुलिस ने रवि के शव को थाने भेजा। तलाशी के दौरान, पुलिस को घर की चौथी मंजिल पर करकट शेड में रखे एक बड़े बक्से से किन्नर रेखा का शव मिला। किन्नर रेखा पिछले तीन दिनों से लापता थी। जांच के दौरान, सीसीटीवी फुटेज में वह रवि गुप्ता के घर में प्रवेश करती दिखी थी, लेकिन उसे बाहर निकलते हुए नहीं देखा गया।

इसी संदेह के आधार पर पुलिस ने बुधवार को रवि गुप्ता और उसके पिता विजय गुप्ता से लंबी पूछताछ की थी। हालांकि उस समय कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई थी। रवि ने आत्महत्या क्यों की, किन्नर रेखा का शव बक्से तक कैसे पहुंचा, इसको लेकर पुलिस ने रवि के पिता और उसकी पत्नी से पूछताछ कर रही है। हालांक‍ि दोपहर तक इस मामले में कोई प्रगत‍ि नहीं हो सकी थी। 

एक साल पहले हुई थी रवि की शादी

इस घटना को लेकर किन्नर समाज में आक्रोश है। बड़ी संख्या में किन्नर समाज के लोगों ने पोस्टमॉर्टम हाउस का घेराव कर मामले के जल्द खुलासे की मांग की है। यह घटना जिला मुख्यालय से करीब 42 किलोमीटर दूर बैरिया थाना क्षेत्र की है।

पुलिस के अनुसार, एक साल पहले रवि की मोना से शादी हुई थी। उस दौरान रेखा किन्नर अपने चेलों के साथ नेग लेने उसके घर पहुंची थी, लेकिन घर में किसी की मौत होने के कारण नेग नहीं दिया गया और बाद में आने को कहा गया था। चेलों के अनुसार, रेखा 17 फरवरी को नेग लेने ही रवि के घर गई थी, जिसके बाद वह लापता हो गई। फिलहाल रवि गुप्ता की पत्नी और पिता से लगातार पूछताछ की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।

यह भी पढ़ें: Banke Bihari Mandir: बांके बिहारी मंदिर में बड़ा विवाद, गर्भगृह पर लगा ताला देख भड़के भक्त, जानें क्या है पूरा मामला

Leave A Reply

Your email address will not be published.