वाराणसी। शासन की मंशा और उच्चाधिकारियों के निर्देश पर बुधवार को थाना बड़ागाँव पुलिस ने विशेष साइबर जागरूकता अभियान चलाया। यह कार्यक्रम भारतीय स्टेट बैंक, शाखा बड़ागाँव में आयोजित हुआ, जिसमें बैंक कर्मियों और उपभोक्ताओं ने हिस्सा लिया। अभियान में प्रभारी निरीक्षक बड़ागाँव, वरिष्ठ उपनिरीक्षक और साइबर टीम ने भाग लेकर लोगों को साइबर ठगी से बचने के तरीके बताए।
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने बताया कि किसी भी परिस्थिति में अपना ओटीपी साझा न करें और बैंक खाता, क्रेडिट कार्ड या यूपीआई की जानकारी अनजान व्यक्ति को न दें। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई फोन पर बैंकिंग संबंधी जानकारी मांगे तो तुरंत कॉल काट दें, क्योंकि बैंक कभी भी इस तरह की जानकारी नहीं मांगते।
लोगों को सचेत किया गया कि किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करने से बचें। यदि कोई व्यक्ति साइबर फ्रॉड का शिकार हो जाए तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें और https://cybercrime.gov.in
पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करें। समय पर शिकायत करने से धोखाधड़ी की राशि वापस मिलने की संभावना बढ़ जाती है।
इस अभियान में भारतीय स्टेट बैंक शाखा बड़ागाँव के अधिकारी-कर्मचारी, उपभोक्ता और थाना बड़ागाँव पुलिस टीम मौजूद रही। टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक संदीप पाण्डेय, उपनिरीक्षक पंकज सिंह चौहान, कांस्टेबल रिशु कुमार, जुबीन, अभिषेक वर्मा तथा महिला पुलिस परामर्श केंद्र प्रभारी उपनिरीक्षक प्रियंका पाण्डेय शामिल रहे।